मऊ :
कोपागंज में सपा की आपात बैठक, महंगाई और सरकारी नीतियों पर जताया विरोध।
दो टूक : मऊ जनपद के कोपागंज स्थित समाजवादी पार्टी के कैंप कार्यालय पर पूर्व जिलाध्यक्ष शैलेंद्र यादव साधु की अध्यक्षता में आपात बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी एवं संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्र के प्रबुद्धजन और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
बैठक में उपस्थित लोगों ने बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ रही कीमतों पर चिंता व्यक्त की और सरकार की आर्थिक व विदेश नीति की आलोचना करते हुए विरोध दर्ज कराया।
बैठक को संबोधित करते हुए शैलेंद्र यादव साधु ने कहा कि सरकार ने बड़े-बड़े विज्ञापनों पर सरकारी धन खर्च किया है और यदि यही संसाधन आम जनता की जरूरतों पर लगाए जाते तो स्थिति बेहतर होती। उन्होंने बढ़ती महंगाई पर तत्काल नियंत्रण और तेल कंपनियों पर अंकुश लगाने की मांग की।
वहीं समाजवादी पार्टी के जिला महामंत्री अब्दुल कुड्डूस अंसारी ने कानून-व्यवस्था की स्थिति, महंगाई, बिजली कटौती और गर्मी के कारण जिला अस्पताल में बढ़ रहे मरीजों की संख्या पर चिंता जताई। उन्होंने अस्पतालों में दवा और इलाज की व्यवस्था को और बेहतर करने की मांग की।
बैठक में वरिष्ठ कार्यकर्ता बन्ने खां, राहुल निषाद, सुरेश पटेल, अतुल राय अधिवक्ता, नगर अध्यक्ष नेसार अहमद सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
