मऊ :
चिलचिलाती धूप में प्रदर्शन कर रही भाजपा महिलाओं को मिठाई और पानी पिलाकर सांसद राजीव राय ने जीता सबका दिल।।
महिला आरक्षण बिल के समर्थन में प्रदर्शन कर रहीं कई महिलाएं ही थीं बिल की जानकारी से अनभिज्ञ।।
दो टूक : मऊ जनपद के घोसी लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजीव राय के मऊ स्थित आवास पर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की कार्यकर्त्रियों द्वारा महिला आरक्षण बिल को लेकर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान एक दिलचस्प दृश्य तब देखने को मिला जब स्वयं सांसद राजीव राय प्रदर्शन कर रही महिलाओं के बीच पहुंचे और उन्हें मिठाई एवं पानी वितरित किया।
इस दौरान सांसद राजीव राय ने महिला आरक्षण बिल को लेकर प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं से बिल से संबंधित कुछ सामान्य प्रश्न पूछे, जिनका संतोषजनक उत्तर अधिकांश महिलाएं नहीं दे सकीं। इसके बाद सांसद राजीव राय ने महिलाओं को महिला आरक्षण बिल की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह विधेयक वर्ष 2023 में ही संसद द्वारा पारित किया जा चुका है।
सांसद राजीव राय ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि सरकार की नीयत वास्तव में महिलाओं को पर्याप्त भागीदारी देने की होती, तो हाल ही में हुए उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल विस्तार में 33 प्रतिशत महिलाओं को स्थान देकर भाजपा अपनी प्रतिबद्धता साबित कर सकती थी। लेकिन ऐसा न होना सरकार की कथनी और करनी के अंतर को दर्शाता है।
भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप में प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं के प्रति मानवीय संवेदना दिखाते हुए सांसद राजीव राय ने स्वयं अपने हाथों से उन्हें मिठाई खिलाई तथा पानी पिलाया। सांसद के इस सकारात्मक और सौहार्दपूर्ण व्यवहार से प्रभावित होकर प्रदर्शन में शामिल महिलाएं वापस जाते समय “राजीव राय जिंदाबाद” के नारे लगाती दिखाई दीं।
