मऊ :
बकरीद पर्व को सकुशल संपन्न कराने हेतु मंडलायुक्त एवं डीआईजी ने की समीक्षा बैठक।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ,बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराए जाने के दृष्टिगत मंडलायुक्त विवेक जी एवं डीआईजी सुनील सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कानून व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, यातायात व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान मंडलायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि बकरीद पर्व के अवसर पर शासन की मंशा के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
डीआईजी सुनील सिंह ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद के सभी संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में लगातार भ्रमण एवं गश्त की जाए तथा सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में नगर निकाय अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि ईदगाहों एवं मस्जिदों के आसपास विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जाए तथा पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था सुचारु रखी जाए। विद्युत विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक चिकित्सा व्यवस्थाएं एवं एंबुलेंस सेवाएं सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पर्व के दौरान प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी तथा खुले स्थानों पर कुर्बानी न किए जाने को सुनिश्चित कराया जाए। कुर्बानी के अवशेषों का वैज्ञानिक ढंग से निस्तारण कराया जाए ताकि स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित न हो।
मंडलायुक्त एवं डीआईजी ने सभी उप जिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने तथा स्थानीय धर्मगुरुओं एवं संभ्रांत नागरिकों से संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन, पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर, अपर जिलाधिकारी प्रवेंद्र कुमार, नगर मजिस्ट्रेट रमेश बाबू, समस्त उप जिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
