सोमवार, 18 मई 2026

मऊ : तेज गति से वाहन चलाने वालों के विरुद्ध होगी कार्रवाई।।||Mau: Action will be taken against those driving at high speed.||

शेयर करें:
मऊ : 
तेज गति से वाहन चलाने वालों के विरुद्ध  होगी कार्रवाई।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।                     
दो टूक : मऊ जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं से प्रभावित व्यक्तियों को विभिन्न स्रोतों से प्रदान की जाने वाली सहायता की उपलब्धता एवं उसकी प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद में यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्य मार्गों पर अनावश्यक रूप से बड़े वाहनों की पार्किंग न होने दी जाए तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमित रूप से चालान की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया कि विद्यालयों में यातायात नियमों के प्रति छात्र-छात्राओं को जागरूक करने हेतु विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इसके साथ ही यातायात जागरूकता संबंधी संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार मीडिया के माध्यम से भी कराया जाए। उन्होंने विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पम्पलेट, पोस्टर एवं बैनर लगवाकर आमजन को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने संभागीय परिवहन अधिकारी को निर्देश दिए कि जनपद के पेट्रोल पंप संचालकों को बिना हेलमेट पेट्रोल न देने के संबंध में निर्देशित किया जाए तथा इसका कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही तेज गति से वाहन चलाने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
रोडवेज के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक को निर्देशित किया गया कि रोडवेज बसों का संचालन नियमानुसार एवं क्रमबद्ध ढंग से कराया जाए। बसों को निर्धारित स्टैंड के अतिरिक्त अन्य स्थानों पर अनावश्यक रूप से खड़ा न किया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि बस चालक ओवर स्पीड एवं नशे की हालत में वाहन संचालन न करें।
जिलाधिकारी ने स्कूली वाहनों के चालकों का पुलिस सत्यापन कराने तथा उनका विवरण संबंधित पोर्टल पर अपलोड कराने के निर्देश आरटीओ एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को दिए। इसके अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को त्वरित एवं समुचित उपचार उपलब्ध कराने हेतु घटनास्थल के निकट स्थित सरकारी एवं निजी अस्पतालों के चिकित्सकों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव, मुख्य राजस्व अधिकारी दिनेश मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार, समस्त उपजिलाधिकारी, समस्त क्षेत्राधिकारी एवं समस्त थानाध्यक्ष एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।