लखनऊ :
सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान हुआ हादसा, दो मजदूरों की दम घुटने से मौत।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना माल क्षेत्रांतर्गत नवीपनाह गांव में शुक्रवार को एक सेप्टिक टैंक की सफाई के लिए उतरे मजदूर दो मजदूरों की दम घुटने से दर्दनाक मौत हो गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना स्थानीय पुलिस और दमकल और आपदा मोचन बल को दी टीम पहुचने से पहले ही ग्रामीणों ने दीवार तोड़कर दोनों मजदूरों को निकाल लिया था। घटना से ग्रामीणों में आक्रोश है। जहरीली गैस से दोनों की मौत की आशंका जताई जा रही है। पुलिस द्वारा शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम हेतु मोर्चरी हाउस भेजा गया। तथा मृत्यु के कारणों के सम्बन्ध में जांच की जा रही है। अन्य आवश्यक अग्रिम विधिक कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को थाना माल क्षेत्र के नवीपनाह गांव क्षनिवासी मयंक सिंह अपने मकान का नवीनीकरण करा रहे हैं। उन्होंने आबादी की जमीन पर तालाब से सटा सेप्टिक टैंक बनवाया था। तालाब का मलबा, पानी और कीचड़ टैंक में भरा था। ग्रामीणों के मुताबिक दोपहर बाद लगभग ढाई बजे गांव के ही मजदूर राजेश और रिंकू टैंक की सफाई के लिए पहुंचे। पहले राजेश बिना सुरक्षा उपकरणों के टैंक के अंदर उतरा। काफी देर तक जब राजेश ने कोई हलचल नहीं की। आवाज देने पर कोई जवाब नहीं मिला तो रिंकू घबरा गया। वह भी टैंक में उतर गया। रिंकू भी अंदर जाते ही बेहोश हो गया। बाहर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दमकल और आपदा बल को सूचना सूचना दी। दो घंटे तक जब फायरब्रिगेड व आपदा मोचन बल नहीं पहुंची तो ग्रामीणों ने खुद ही फावड़े और बेल्चे से टैंक की दीवार तोड़ दी। करीब पांच बजे दोनों को निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी अंकित मौर्या ने परिवारीजनों को हर संभव आर्थिक मदद का आश्वासन देकर ढाढस बंधाया।
थाना प्रभारी मो. रोशन ने बताया कि कोई तहरीर नही मिली है दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। पीएम रिपोर्ट और तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। प्रारम्भिक जानकारी के अनुसार *रिंकू पासी पुत्र सुकरु उम्र करीब 35 वर्ष निवासी ग्राम नवीपनाह थाना माल लखनऊ मजदूरी का कार्य करता था। उसके परिवार में एक पुत्र है जिसकी उम्र करीब 03 वर्ष है। वहीं दूसरे राजेश पुत्र सुकुरु निवासी ग्राम नवीपनाह थाना माल लखनऊ उम्र करीब 35 वर्ष मजदूरी का कार्य करता था। उसके परिवार में एक पुत्र उम्र करीब 07 वर्ष एवं एक पुत्री उम्र करीब 05 वर्ष है।दोनों व्यक्ति सीवर टैंक में कार्य कर रहे थे, तभी अचानक अचेत होकर टैंक के अंदर गिर गय मौके पर उपस्थित लोगों द्वारा काफी प्रयास के बाद दोनों को बाहर निकाला गया तथा तत्काल 108 एम्बुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र माल भेजा गया, जहां चिकित्सकों द्वारा परीक्षण उपरान्त दोनों व्यक्तियों को मृत घोषित कर दिया गया।
