रविवार, 3 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में चलते केमिकल लदे DCM ट्रक में भीषण आग, ड्राइवर-क्लीनर ने कूदकर बचाई जान, दमकल ने पाया काबू!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में चलते केमिकल लदे DCM ट्रक में भीषण आग, ड्राइवर-क्लीनर ने कूदकर बचाई जान, दमकल ने पाया काबू!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-थाना क्षेत्र में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलते DCM टाटा ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। यह ट्रक केमिकल से लदा हुआ था, जिससे हादसे की गंभीरता और बढ़ गई। हालांकि, सूझबूझ दिखाते हुए ड्राइवर और क्लीनर ने तुरंत ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली।

घटना नॉलेज पार्क-1 स्थित अल्फा गोल चक्कर के पास, कैलाश हॉस्पिटल के सामने हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक (नंबर HR38AC6175) में अचानक धुआं उठता दिखाई दिया और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग लगने से मौके पर हड़कंप मच गया और राहगीरों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

सूचना मिलते ही नॉलेज पार्क और ग्रेटर नोएडा फायर सर्विस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। आग इतनी भीषण थी कि ट्रक का आगे का हिस्सा और केबिन पूरी तरह जलकर राख हो गया।

दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, राहत की बात यह रही कि ट्रक में लदा केमिकल सुरक्षित बचा लिया गया, जिससे किसी बड़े हादसे को टाला जा सका। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।