मऊ :
सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी के विवादित' बयान पर कांग्रेस का कड़ा रुख, सपा मुखिया से अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी द्वारा ब्राह्मण समाज के प्रति कथित रूप से की गई अपमानजनक टिप्पणी को लेकर आक्रोश गहराता जा रहा है। अब कांग्रेस ने भी इस मुद्दे पर सपा को घेरा है।
जिला कांग्रेस कमेटी मऊ के प्रिंट मीडिया प्रभारी एडवोकेट सतीश कुमार पांडेय ने राजकुमार भाटी के बयान की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे समाज को बांटने वाला और ब्राह्मणों की गरिमा को ठेस पहुँचाने वाला बयान बताया है।
विस्तार :
ब्राह्मण समाज में भारी आक्रोश - -- एडवोकेट सतीश कुमार पांडेय ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि एक जिम्मेदार राजनीतिक दल के प्रवक्ता द्वारा इस तरह की 'अशोभनीय' और 'निंदनीय' भाषा का उपयोग स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा, इस बयान से पूरे प्रदेश का ब्राह्मण समाज आहत और आक्रोशित है। राजनीति में वैचारिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन किसी भी समाज या जाति के स्वाभिमान पर प्रहार करना गलत परंपरा है।
कांग्रेस नेता ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से इस मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि सपा मुखिया को तत्काल प्रभाव से राजकुमार भाटी पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी नेता ऐसी टिप्पणी करने का साहस न करे।
क्या है पूरा मामला?
गौरतलब है कि हाल ही में सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वे कथित तौर पर ब्राह्मण समाज के खिलाफ एक विवादित दोहा बोलते नजर आ रहे हैं। हालाँकि, विवाद बढ़ने के बाद भाटी ने इस पर स्पष्टीकरण देते हुए कहा है कि उनकी वीडियो क्लिप को काट-छाँट कर पेश किया गया है और उन्होंने बिना शर्त माफी भी मांगी है। लेकिन, विपक्षी दलों का कहना है कि केवल माफी पर्याप्त नहीं है और समाज में वैमनस्य फैलाने के लिए उन पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
