मऊ :
CM योगी आगमन से पहले हत्याः नाली विवाद में अधेड़ को मारी गोली,इलाके मे सनसनी।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन से ठीक 12 घंटे पहले एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना हलधरपुर थाना क्षेत्र के ढीधवल गांव में नाली विवाद को लेकर हुई, जिसमें रामजन्म राजभर नामक अधेड़ व्यक्ति की जान चली गई। इस वारदात से जिले में हड़कंप मच गया है और प्रशासनिक अमले में चिंता बढ़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, ढीधवल गांव में दो पक्षों के बीच नाली के पानी की निकासी को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। गुरुवार देर शाम इसी बात को लेकर दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए।
कहासुनी जल्द ही गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई। विवाद के दौरान ही दूसरे पक्ष के दबंगों ने असलहा निकालकर रामजन्म राजभर पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोली लगने से रामजन्म गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
परिजनों और ग्रामीणों ने आनन-फानन में घायल रामजन्म को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रामजन्म की मौत की खबर सुनते ही परिवार में मातम छा गया।
यह हत्या ऐसे समय हुई है जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथके दौरे को लेकर पूरा जिला प्रशासन और भारी पुलिस बल अलर्ट पर है। एक ओर जहां मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के दावे किए जा रहे थे, वहीं वीआईपी मूवमेंट से महज 12 घंटे पहले गांव में सरेआम गोली चलने की घटना ने पुलिस की इंटेलिजेंस और गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना के बाद से ढीधवल गांव में तनाव का माहौल है। मुख्यमंत्री के आगमन के मद्देनजर स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए जिले के आला अधिकारी भारी पुलिस बल और पीएसी के साथ मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों में पुलिस के खिलाफ आक्रोश है। उनका कहना है कि यदि समय रहते नाली विवाद को सुलझा लिया गया होता, तो रामजन्म राजभर की जान नहीं जाती।
