गौतमबुद्धनगर: दादरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: फायरिंग मामले में दो वांछित आरोपी गिरफ्तार, अवैध पिस्टल और कारतूस बरामद!!
गौतमबुद्धनगर, 28 मई 2026।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के अंतर्गत थाना दादरी पुलिस ने फायरिंग और जान से मारने की धमकी देने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध .32 बोर पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इस कार्रवाई को दादरी पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्यवाही के रूप में देखा जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 26 मई 2026 को थाना दादरी क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई गई थी कि कुछ लोगों ने उसके तथा उसके परिवार के साथ गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना दादरी में मु0अ0सं0 236/2026 धारा 352/109(1) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था। घटना के बाद पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी।
इसी क्रम में थाना दादरी पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और मुखबिर तंत्र की सहायता से गुरुवार को मायचा अंडरपास के पास से दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमित भाटी पुत्र श्रीचंद भाटी निवासी ग्राम मायचा थाना दादरी तथा भोलू उर्फ अभिषेक पुत्र श्रीपाल निवासी ग्राम अच्छेजा थाना बादलपुर के रूप में हुई है।
पुलिस जांच के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक अवैध .32 बोर पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। बरामदगी के आधार पर आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। पुलिस ने बताया कि दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध अब धारा 3/25/27 आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।।
