गौतमबुद्धनगर: भीषण गर्मी में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई: नोएडा-ग्रेटर नोएडा की आइसक्रीम फैक्ट्रियों पर छापेमारी, 08 नमूने जांच को भेजे!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 28 मई 2026।
भीषण गर्मी के बीच आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपद में विशेष अभियान चलाते हुए नोएडा और ग्रेटर नोएडा की विभिन्न आइसक्रीम एवं खाद्य निर्माण इकाइयों पर छापेमारी की। अभियान के दौरान विभागीय टीमों ने अलग-अलग प्रतिष्ठानों से कुल 08 खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित कर जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे। वहीं एक प्रतिष्ठान पर खाद्य मानकों के उल्लंघन मिलने पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्पादों को सीज भी किया गया।
आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश लखनऊ तथा जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर के निर्देश पर चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीमों ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में सघन निरीक्षण किया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार एवं विजय बहादुर पटेल की टीम ने सूरजपुर ग्रेटर नोएडा स्थित लक्ष्मी आइसक्रीम निर्माण इकाई से आइसकैंडी का एक नमूना तथा डिवाइन आइसक्रीम निर्माण इकाई से आइसक्रीम का एक नमूना जांच के लिए संग्रहित किया।
वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमर बहादुर सरोज एवं रितु सक्सेना की टीम ने सेक्टर-64 नोएडा स्थित गोल्ड स्मिथ रिटेल सर्विसेज लिमिटेड की निर्माण इकाई पर निरीक्षण करते हुए दूध, क्रीम एवं रेड वेलवेट क्रीम (निरूला ब्रांड) के एक-एक नमूने लिए। जांच के दौरान रेड वेलवेट क्रीम के लेबल पर पोषण संबंधी आवश्यक जानकारियां अंकित नहीं पाई गईं। इस गंभीर अनियमितता पर विभाग ने लगभग 2.3 किलोग्राम के 25 डिब्बों को अग्रिम आदेशों तक सीज कर दिया।
इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी सिंह एवं एसके पाण्डेय की टीम ने सेक्टर-73 नोएडा स्थित क्वार्ले आइसक्रीम प्रतिष्ठान से आइसक्रीम का नमूना लिया। वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी सैयद इबादुल्लाह, ओपी सिंह एवं एसके पाण्डेय की संयुक्त टीम ने सेक्टर-04 रोजा जलालपुर ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित भवनाथ आइसक्रीम एवं कोल्ड ड्रिंक्स निर्माण इकाई से कुल्फी एवं बादाम शेक के नमूने संग्रहित किए।
अधिकारियों ने बताया कि सभी खाद्य नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इसके अतिरिक्त विभाग द्वारा हलाल प्रमाणन युक्त खाद्य पदार्थों की बिक्री की शिकायतों के मद्देनजर जनपद के विभिन्न स्टोरों पर विशेष चेकिंग अभियान भी चलाया गया। हालांकि निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रतिष्ठान पर हलाल प्रमाणन युक्त खाद्य पदार्थों की बिक्री नहीं पाई गई।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने कहा कि जनपदवासियों को सुरक्षित, शुद्ध एवं गुणवत्ता युक्त खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए विभाग का अभियान लगातार जारी रहेगा। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।।
