गौतमबुद्धनगर: नवयुग पालिका योजना को मिलेगी रफ्तार: दादरी में विकास कार्यों के प्रस्ताव जल्द भेजने के निर्देश!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
डीएम ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश, गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरे होंगे विकास कार्य
गौतमबुद्धनगर, 07 मई 2026।
जनपद में शहरी विकास को नई गति देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में नवयुग पालिका योजना के अंतर्गत प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर पालिका परिषद दादरी क्षेत्र में कराए जाने वाले विभिन्न विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा करते हुए योजनाओं को शीघ्र स्वीकृति दिलाने एवं समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारने के निर्देश दिए गए।
बैठक में नगर पालिका परिषद दादरी की अध्यक्ष गीता पंडित, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी कंचन वर्मा, वरिष्ठ कोषाधिकारी शिखा गुप्ता, अधिशासी अधिकारी शालिनी गुप्ता, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं शहरी निकाय सलाहकार समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद दादरी द्वारा नवयुग पालिका योजना के अंतर्गत प्रस्तावित विकास कार्यों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की गई। इसमें क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने, नागरिक सुविधाओं का विस्तार करने तथा नगर क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़े प्रस्तावों की जानकारी जिलाधिकारी को दी गई।
जिलाधिकारी ने समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत प्रस्तावित सभी विकास कार्यों को नवयुग पालिका योजना में शामिल कराते हुए शासन को स्वीकृति एवं धन आवंटन के लिए शीघ्र प्रस्ताव भेजे जाएं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी परियोजनाओं को तय समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराया जाना सुनिश्चित किया जाए।
डीएम ने अधिकारियों से यह भी कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखते हुए जनता को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने और कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
बैठक को जनपद में शहरी विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नवयुग पालिका योजना के माध्यम से दादरी नगर क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद जताई जा रही है।।
