गुरुवार, 7 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा से जनगणना-2027 अभियान का आगाज़, सांसद डॉ. महेश शर्मा ने सबसे पहले किया स्व-गणना पंजीकरण!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा से जनगणना-2027 अभियान का आगाज़, सांसद डॉ. महेश शर्मा ने सबसे पहले किया स्व-गणना पंजीकरण!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

21 मई तक चलेगा स्व-गणना अभियान, नागरिकों से बढ़-चढ़कर भागीदारी की अपील

दो टूक//नोएडा, 07 मई 2026

देशभर में जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत उत्तर प्रदेश में आज से स्व-गणना अभियान की औपचारिक शुरुआत हो गई। इस महत्वपूर्ण अभियान के अंतर्गत नागरिक अब घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से अपनी जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र में इस अभियान की शुरुआत सांसद डॉ. महेश शर्मा द्वारा स्व-गणना पंजीकरण कर की गई।

वेबसाइट sc.census.gov.in पर जाकर नागरिक स्वयं अपनी जानकारी भर सकते हैं। शासन द्वारा शुरू की गई यह व्यवस्था जनगणना प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, आसान और डिजिटल बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

इस अवसर पर नोएडा प्राधिकरण के विशेष कार्याधिकारी इंदु प्रकाश सिंह, प्रभारी सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद मिश्रा, प्रबंधक दीपक कुमार तथा सांसद प्रतिनिधि संजय बाली समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने आमजन को ऑनलाइन स्व-गणना प्रक्रिया की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।

सांसद डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि जनगणना किसी भी देश की विकास योजनाओं की आधारशिला होती है। जनसंख्या के सही आंकड़े सरकार को शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, रोजगार और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं को बेहतर ढंग से लागू करने में मदद करते हैं। उन्होंने नोएडा के सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और समय से अपनी स्व-गणना पूरी करें।

वहीं नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश ने भी स्व-गणना कर नागरिकों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि 7 मई से 21 मई तक चलने वाले इस अभियान में अधिक से अधिक लोग हिस्सा लें ताकि जनगणना के आंकड़े सटीक और उपयोगी बन सकें।

प्राधिकरण एवं प्रशासन की ओर से लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है, जिससे हर नागरिक तक स्व-गणना की जानकारी पहुंच सके और डिजिटल जनगणना को सफल बनाया जा सके।।