गाज़ियाबाद: लोनी में दिनदहाड़े गोलियों की गूंज: युवक को गोली मारकर ले गए बदमाश, पुलिस पर लापरवाही के आरोप से ग्रामीणों में भारी आक्रोश!!
दो टूक//गाजियाबाद। लोनी क्षेत्र में अपराधियों के बढ़ते हौसलों ने एक बार फिर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शनिवार सुबह खरखड़ी रेलवे स्टेशन के अंडरपास के पास उस समय सनसनी फैल गई, जब बेखौफ बदमाशों ने गनौली गांव निवासी युवक ओमकार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया, जबकि ग्रामीणों और परिजनों का गुस्सा पुलिस के खिलाफ फूट पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह खरखड़ी रेलवे स्टेशन के अंडरपास के नीचे अचानक गोलियों की आवाज गूंज उठी। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने ओमकार को निशाना बनाते हुए कई राउंड फायरिंग की। घटनास्थल से सात से अधिक खोखे बरामद होने की बात सामने आई है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि हमलावर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की मंशा से आए थे।
घटना को और भी गंभीर बनाने वाली बात यह है कि गोली लगने के बाद आरोपी युवक को अपने साथ लेकर फरार हो गए। खबर लिखे जाने तक ओमकार की स्थिति को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आ सकी थी। परिजन और ग्रामीण युवक की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता जता रहे हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि यदि पुलिस पहले ही कार्रवाई कर देती तो यह घटना टाली जा सकती थी। परिजनों का कहना है कि कुछ दिन पहले ओमकार का दूसरे पक्ष के लोगों से विवाद हुआ था, जिसके बाद से उन्हें लगातार खतरे की आशंका थी। इस संबंध में करीब आठ दिन पहले पुलिस को शिकायत भी दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
परिजनों ने आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया, जिसका फायदा उठाकर आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दे दिया। ग्रामीणों ने चिरौड़ी चौकी प्रभारी की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े करते हुए निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना फैलते ही गनौली गांव सहित आसपास के क्षेत्रों के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी और आक्रोश का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन अपराधियों में पुलिस का खौफ नजर नहीं आ रहा।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। हमलावरों की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वहीं, युवक की तलाश और उसकी स्थिति का पता लगाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। इस सनसनीखेज वारदात ने एक बार फिर लोनी क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।।
