शनिवार, 30 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: सूरजपुर पुलिस का बड़ा खुलासा: रिश्तेदारी का भरोसा तोड़कर चुराई 3 लाख की चेन, संगठित चोर गिरोह के 7 सदस्य गिरफ्तार!!

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर: सूरजपुर पुलिस का बड़ा खुलासा: रिश्तेदारी का भरोसा तोड़कर चुराई 3 लाख की चेन, संगठित चोर गिरोह के 7 सदस्य गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की थाना सूरजपुर पुलिस ने चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 3 लाख रुपये कीमत की चोरी की गई सोने की चेन, 4 किलोग्राम तांबा और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में कुछ ऐसे भी हैं जिन्होंने रिश्तेदारी और पहचान का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया था।

पुलिस के अनुसार 29/30 मई की रात ओमीक्रोन-3 सर्विस रोड और एलएनटी सर्विस रोड साकीपुर क्षेत्र से सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ।

पहले मामले में आरोपियों ने ग्राम साकीपुर निवासी एक महिला को अपनी बातों में उलझाकर उसकी करीब दो तोले वजन की सोने की चेन चोरी कर ली थी। चौंकाने वाली बात यह रही कि आरोपी दीपक भाटी और पीड़िता आपस में रिश्तेदार हैं। रिश्तेदारी और विश्वास का फायदा उठाकर आरोपियों ने महिला को झांसे में लिया और वारदात को अंजाम दिया। बाद में महिला को चोरी का अहसास होने पर सूरजपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया।

दूसरे मामले में पुलिस ने ऐसे संगठित गिरोह का खुलासा किया जो नोएडा, ग्रेटर नोएडा और एनसीआर के विभिन्न इलाकों में बंद पड़े मकानों, निर्माणाधीन भवनों और दुकानों की रेकी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। गिरोह के सदस्य मौका मिलते ही बिजली फिटिंग का सामान, तार और अन्य कीमती सामग्री चोरी कर लेते थे। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने जनवरी 2026 में जैतपुर स्थित एक इलेक्ट्रिक दुकान से बिजली के तार चोरी किए थे। चोरी किए गए तारों को जलाकर उनसे तांबा निकाल लिया गया था, जिसे बेचने की तैयारी की जा रही थी।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई सोने की चेन, करीब चार किलोग्राम तांबा और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह के कई सदस्य पहले भी चोरी, लूट, अवैध हथियार और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों में जेल जा चुके हैं। कुछ आरोपियों के खिलाफ गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह लंबे समय से चोरी की घटनाओं में सक्रिय था और क्षेत्र में लगातार वारदातों को अंजाम दे रहा था। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य घटनाओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई को सूरजपुर पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में सक्रिय चोरी के नेटवर्क पर प्रभावी चोट पहुंची है।