शनिवार, 30 मई 2026

गाज़ियाबाद: सूर्या की मौत से सुलगा इलाका: चाकूओं से हमले के बाद उठे कई सवाल, मुख्य आरोपी फरार!!

शेयर करें:

गाज़ियाबाद: सूर्या की मौत से सुलगा इलाका: चाकूओं से हमले के बाद उठे कई सवाल, मुख्य आरोपी फरार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गाजियाबाद। खोड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुए चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। उपचार के दौरान सूर्या की मौत के बाद क्षेत्र में आक्रोश और तनाव का माहौल है। पोस्टमार्टम के बाद जब सूर्या का शव उसके आवास पहुंचा तो बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़े। हालात को देखते हुए क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

परिजनों का आरोप है कि बकरीद के दिन सूर्या को उसके कुछ परिचित युवकों ने बुलाया था, जहां विवाद के बाद उस पर चाकुओं से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल सूर्या को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिवार इस घटना को सुनियोजित हत्या बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, हमले के बाद सूर्या अपनी जान बचाने के लिए काफी दूर तक दौड़ा, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। इस दर्दनाक वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी और लोगों में भय व आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया।

मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नवाब, फरहान और आतिफ समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी असद अभी भी फरार बताया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया कि 28 मई को युवक पर चाकू से हमला किया गया था, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में मृतक और आरोपी पहले से एक-दूसरे के मित्र बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार बाइक चलाने को लेकर हुए विवाद के बाद घटना को अंजाम दिया गया। मामले से जुड़े सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस के पास मौजूद हैं और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, पांच लोगों को नामजद किया गया है, जिनमें से तीन की गिरफ्तारी हो चुकी है। शेष आरोपियों की तलाश जारी है। वहीं मुख्य आरोपी की उम्र आधार कार्ड के अनुसार 18 वर्ष से कम बताई जा रही है।

उधर, सूर्या चौहान की मौत के बाद विभिन्न सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों में भारी रोष देखने को मिल रहा है। पीड़ित परिवार लगातार न्याय की मांग कर रहा है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग उठ रही है।

फिलहाल, यह हत्याकांड पूरे गाजियाबाद में चर्चा का विषय बना हुआ है। एक ओर परिवार इसे सुनियोजित हत्या बता रहा है, वहीं पुलिस शुरुआती जांच में आपसी विवाद को वजह मान रही है। अब पूरे मामले की सच्चाई पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।