गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में चलती इलेक्ट्रिक कार बनी आग का गोला, चालक ने कूदकर बचाई जान!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख थाना क्षेत्र में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क पर चल रही एक इलेक्ट्रिक कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते कार धू-धू कर जलने लगी और कुछ ही मिनटों में आग की लपटों ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के दौरान चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत कार से कूदकर अपनी जान बचाई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार सड़क पर सामान्य रूप से चल रही थी, तभी अचानक उसमें से धुआं निकलना शुरू हुआ। चालक कुछ समझ पाता, उससे पहले ही कार में आग भड़क उठी। आग लगते ही इलाके में हड़कंप मच गया और सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घटना की सूचना दमकल विभाग और पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक इलेक्ट्रिक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट या बैटरी में तकनीकी खराबी हो सकती है। हालांकि आग लगने के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। घटना के बाद एक बार फिर इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि बढ़ती गर्मी, बैटरी ओवरहीटिंग और समय पर सर्विस न होने की वजह से इलेक्ट्रिक वाहनों में आग लगने का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में वाहन मालिकों को नियमित सर्विसिंग और बैटरी जांच कराते रहने की सलाह दी जा रही है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और वाहन में आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कार आग के गोले में तब्दील होती दिखाई दे रही है।।
