सोमवार, 11 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में ‘थूक वाला पिज़्ज़ा’ कांड: वायरल वीडियो के बाद हरकत में आई पुलिस, आरोपी कर्मचारी गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में ‘थूक वाला पिज़्ज़ा’ कांड: वायरल वीडियो के बाद हरकत में आई पुलिस, आरोपी कर्मचारी गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा के सेक्टर-22 स्थित एक पिज़्ज़ा दुकान में खाद्य सुरक्षा और लोगों की भावनाओं से खिलवाड़ का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने शहरभर में हड़कंप मचा दिया, जिसमें एक कर्मचारी पिज़्ज़ा बनाते समय उस पर थूकता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आते ही लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया।

जानकारी के अनुसार, यह मामला सेक्टर-22 चौड़ा गांव स्थित “पिज़्ज़ा हंट” नाम की दुकान का है। वायरल वीडियो में दुकान का कर्मचारी बेहद शर्मनाक हरकत करते हुए दिखाई दिया, जिसके बाद यह वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर फैल गया। लोगों ने इस घटना को न केवल स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बताया बल्कि इसे ग्राहकों के भरोसे और आस्था पर भी हमला करार दिया।

पुलिस के मुताबिक, 10 मई 2026 को थाना सेक्टर-24 पुलिस को सूचना मिली थी कि सेक्टर-22 की एक पिज़्ज़ा दुकान में कार्यरत कर्मचारी द्वारा पिज़्ज़ा बनाते समय अनुचित कृत्य किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की और आरोपी की पहचान मुजम्मिल पुत्र शाकिर, निवासी गिझोड़, थाना सेक्टर-24 नोएडा, उम्र लगभग 30 वर्ष के रूप में की गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया यूज़र्स में भारी नाराज़गी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि बाहर खाने-पीने की चीज़ों में इस तरह की हरकतें न केवल लोगों की सेहत के लिए खतरा हैं, बल्कि समाज में अविश्वास का माहौल भी पैदा करती हैं। कई लोगों ने खाद्य विभाग और प्रशासन से ऐसे प्रतिष्ठानों पर सख्त निगरानी और नियमित जांच की मांग की है।

यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि बाहर खाना खाते समय सतर्क रहना कितना जरूरी है। विशेषज्ञों का मानना है कि फूड आउटलेट्स और ब्रांड्स को अपने कर्मचारियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखनी चाहिए, ताकि ग्राहकों की सुरक्षा और भरोसा कायम रह सके।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और वायरल वीडियो की सत्यता सहित अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।।