गौतमबुद्धनगर:“हाथों में किताब की जगह झाड़ू” : तुस्याना प्राथमिक विद्यालय का वीडियो वायरल, दीवार फांदकर स्कूल पहुंचने को मजबूर बच्चे!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा के तुस्याना गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म पहने छोटे-छोटे बच्चे हाथों में झाड़ू लेकर स्कूल परिसर की साफ-सफाई करते दिखाई दे रहे हैं। वहीं एक अन्य वीडियो में एक छात्र स्कूल के मुख्य गेट पर ताला लगे होने के कारण दीवार फांदकर अंदर जाता नजर आ रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद गांव के लोगों में भारी नाराजगी है और सरकारी स्कूलों की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय में शिक्षक समय से नहीं पहुंचते, लेकिन बच्चों को सुबह जल्दी बुला लिया जाता है और उनसे स्कूल की साफ-सफाई करवाई जाती है।
ग्रामीणों के मुताबिक, जिस उम्र में बच्चों के हाथों में किताबें और कॉपियां होनी चाहिए, उस उम्र में उनसे झाड़ू लगवाया जा रहा है। वायरल वीडियो ने सरकारी स्कूलों की जमीनी हकीकत को उजागर कर दिया है।
मामले को लेकर गांव वालों ने स्कूल प्रशासन पर एक और गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि स्कूल का जो मुख्य रास्ता गांव की ओर खुलता था, उसी गेट पर प्रधानाध्यापिका द्वारा ताला लगवा दिया गया है। इसके बाद पीछे की ओर दीवार तोड़कर नया गेट तैयार कराया गया, ताकि अधिकारी निरीक्षण के दौरान सीधे पीछे के रास्ते से स्कूल में प्रवेश करें और गांव की वास्तविक स्थिति से अनजान रहें।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस व्यवस्था के चलते गांव वालों की शिकायतें और स्कूल की असल स्थिति अधिकारियों तक नहीं पहुंच पाती। वहीं बच्चों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ता है।
अब सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। अभिभावकों और ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल इस मामले में शिक्षा विभाग या स्कूल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन वायरल वीडियो ने सरकारी शिक्षा व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर बहस छेड़ दी है।।
