गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में नवविवाहिता की रहस्यमयी मौत से सनसनी, 5 करोड़ की प्रॉपर्टी के लिए हत्या का आरोप!!
शादी के तीन महीने बाद मोनिका की मौत, मायके पक्ष बोला- “संपत्ति हड़पने के लिए बेटी को मार डाला”
दो टूक//ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र स्थित घोड़ी बछेड़ा गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी है। महज तीन महीने पहले प्रेम विवाह करने वाली 20 वर्षीय मोनिका की अचानक हुई मौत के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का दावा है कि मोनिका के नाम करीब 5 करोड़ रुपये की संपत्ति थी और इसी प्रॉपर्टी को अपने नाम कराने के लिए उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है, जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत की असली वजह साफ हो सकेगी। पूरे मामले ने इलाके में चर्चा और तनाव का माहौल पैदा कर दिया है।
प्रेम विवाह के बाद बिगड़ने लगे रिश्ते
बरौला गांव निवासी रेनू नागर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी मोनिका ने करीब तीन महीने पहले घोड़ी बछेड़ा निवासी अनुज चौहान से प्रेम विवाह और कोर्ट मैरिज की थी। मोनिका के पिता महाराज सिंह नागर का कुछ वर्ष पहले निधन हो चुका है। परिवार के अनुसार, मोनिका के नाम बरौला और दुजाना गांव में करोड़ों रुपये की जमीन और संपत्ति थी।
आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही अनुज चौहान, उसके पिता हरेंद्र और परिवार के अन्य लोग मोनिका पर संपत्ति अपने नाम कराने का दबाव बनाने लगे। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जाता था। परिजनों का कहना है कि मोनिका कई बार फोन कर अपनी परेशानी बता चुकी थी, लेकिन परिवार ने रिश्ते को बचाने की कोशिश में उसे समझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया।
मौत से पहले मां को किया था आखिरी फोन
मृतका की मां रेनू नागर के मुताबिक, बुधवार दोपहर मोनिका का फोन आया था। उसने रोते हुए बताया कि पति और ससुराल पक्ष के लोग उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। यह सुनते ही परिवार के लोग तुरंत घोड़ी बछेड़ा गांव पहुंचे।
परिजनों का आरोप है कि जब वे मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि आरोपी मोनिका को फॉर्च्यूनर गाड़ी में बैठाकर कहीं ले जा रहे थे। आरोप है कि उसे एक प्लॉट पर ले जाकर बेरहमी से पीटा गया, जिससे उसकी मौत हो गई। परिवार ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
दहेज नहीं, संपत्ति बनी विवाद की वजह
परिवार का कहना है कि प्रेम विवाह होने के कारण शादी में दहेज जैसी कोई बात नहीं थी, लेकिन मोनिका की करोड़ों की संपत्ति ही उसके लिए मुसीबत बन गई। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष की नजर उसकी जमीन-जायदाद पर थी और इसी लालच में उसे लगातार प्रताड़ित किया गया।
घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में भी इस मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों में भी आक्रोश का माहौल है।
पुलिस जुटी जांच में
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतका के परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।।
