शुक्रवार, 8 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: कलयुग की सबसे दर्दनाक तस्वीर: अपने ही बेटे का हत्यारा बना पिता, प्रॉपर्टी विवाद में रिश्तेदारों को फंसाने के लिए रची खौफनाक साजिश!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: कलयुग की सबसे दर्दनाक तस्वीर: अपने ही बेटे का हत्यारा बना पिता, प्रॉपर्टी विवाद में रिश्तेदारों को फंसाने के लिए रची खौफनाक साजिश!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा के थाना कासना क्षेत्र से एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत और रिश्तों दोनों को शर्मसार कर दिया। यहां एक कलयुगी पिता ने प्रॉपर्टी विवाद में अपने ही 13 वर्षीय इकलौते बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने हत्या के बाद शव को तालाब में फेंककर पूरे मामले में अपने रिश्तेदारों को फंसाने की साजिश भी रची। पुलिस जांच में जब इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, 7 मई को थाना कासना क्षेत्र से 13 वर्षीय बच्चे के लापता होने की सूचना पुलिस को दी गई थी। परिवार की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की और कई लोगों से पूछताछ की।

इसी दौरान सिरसा गांव के पास स्थित एक तालाब में बच्चे का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच और तेज कर दी। जांच के दौरान पुलिस को बच्चे के पिता की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार पूछताछ के बाद जो सच सामने आया, उसने हर किसी को हैरान कर दिया।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी पिता ने पहले अपने बेटे का अपहरण किया और बाद में उसकी हत्या कर शव को तालाब में फेंक दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी का अपने परिवार और रिश्तेदारों से प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद में परिवार के अन्य लोगों को फंसाने के लिए उसने अपने ही मासूम बेटे की जान ले ली।

घटना का खुलासा होने के बाद आरोपी पिता ने खुद को बचाने और सहानुभूति लेने के लिए आत्महत्या का ड्रामा भी किया। आरोपी ने बीच सड़क पर धारदार ब्लेड से अपना गला काटने की कोशिश की। इस दौरान का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह खुद का गला काटता दिखाई दे रहा है। हालांकि मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने किसी तरह उसे रोका और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। बाद में पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। वहीं बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

इस हृदयविदारक घटना ने पूरे ग्रेटर नोएडा को झकझोर कर रख दिया है। जिस पिता के कंधों पर बेटे की सुरक्षा और भविष्य की जिम्मेदारी होती है, उसी ने लालच और साजिश में अपने घर के चिराग को बुझा दिया। घटना के बाद इलाके में शोक, गुस्सा और हैरानी का माहौल बना हुआ है।।