गौतमबुद्धनगर: निर्माणाधीन हॉस्टल बना कत्लगाह: ग्रेटर नोएडा में दो मजदूरों की बेरहमी से हत्या, खून से लथपथ मिले शव!!
शराब पार्टी के बाद खूनी संघर्ष की आशंका, पुलिस ने गठित कीं दो टीमें
दो टूक//ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक निर्माणाधीन हॉस्टल के कमरे से दो मजदूरों के खून से लथपथ शव बरामद हुए। डबल मर्डर की इस वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना एक निजी इंस्टीट्यूट परिसर में बन रहे हॉस्टल की बताई जा रही है, जहां मृतक मजदूर काम के सिलसिले में रह रहे थे।
सूचना मिलते ही थाना नॉलेज पार्क पुलिस, डायल-112 टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे। कमरे के अंदर का मंजर बेहद भयावह था। दोनों शव खून से सने पड़े थे, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि हत्या बेहद बेरहमी से की गई। पुलिस ने मौके को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मामूली विवाद ने लिया खूनी रूप
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक मजदूरों के बीच शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। पुलिस को आशंका है कि इसी विवाद के दौरान दोनों की हत्या की गई। हालांकि, पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
मेरठ के रहने वाले थे दोनों मृतक
पुलिस जांच में मृतकों की पहचान इंद्र निवासी अब्दुल्लापुर, मेरठ और शीशपाल निवासी ग्राम इंचौली, मेरठ के रूप में हुई है। दोनों की उम्र करीब 45 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार दोनों मजदूर हाल ही में काम की तलाश में ग्रेटर नोएडा आए थे और इंस्टीट्यूट परिसर में ही रहकर माली का कार्य कर रहे थे।
डायल-112 पर मिली सूचना, मौके पर पहुंची पुलिस
पुलिस के मुताबिक 08 मई 2026 को डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक निजी इंस्टीट्यूट के निर्माणाधीन हॉस्टल के कमरे में दो लोगों के शव पड़े हैं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस के हाथ लगे अहम सुराग
कमिश्नरेट पुलिस का कहना है कि घटना को अंजाम देने वाले आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो विशेष पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
डबल मर्डर की इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं, पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।
