मंगलवार, 12 मई 2026

गौतमबुद्धनगर में अवैध नशे के खिलाफ बड़ा अभियान, एडीएम ने दिए सख्त कार्रवाई और जनजागरूकता के निर्देश!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर में अवैध नशे के खिलाफ बड़ा अभियान, एडीएम ने दिए सख्त कार्रवाई और जनजागरूकता के निर्देश!!

!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को चेतावनी, स्कूल-कॉलेजों के आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री पर होगी कड़ी निगरानी

दो टूक//जनपद गौतमबुद्धनगर में अवैध नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर (NCORD) की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार ने की। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा चलाए जा रहे प्रवर्तन अभियानों, जनजागरूकता कार्यक्रमों तथा अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी अतुल कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनपद में अवैध शराब, मादक पदार्थों और अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सघन अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं बल्कि सामाजिक दायित्व भी है, इसलिए सभी विभागों को आपसी समन्वय और गंभीरता के साथ कार्य करना होगा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा ऐसे तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए। साथ ही अप्रैल माह में संचालित जनजागरूकता अभियानों और प्रवर्तन कार्रवाइयों की विस्तृत रिपोर्ट शीघ्र समिति के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि आबकारी विभाग द्वारा पुलिस विभाग के सहयोग से जनपद में लगातार विशेष चेकिंग और प्रवर्तन अभियान चलाए जा रहे हैं। विभिन्न क्षेत्रों में अवैध नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

अपर जिलाधिकारी ने विशेष रूप से युवाओं को नशे से बचाने पर जोर देते हुए कहा कि विद्यालयों, महाविद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि छात्रों और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाए तथा नशा मुक्त समाज निर्माण के लिए प्रेरित किया जाए।

इसके अलावा स्कूलों और शिक्षण संस्थानों के आसपास गुटखा, सिगरेट और अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए नियमित निरीक्षण और सख्त कार्रवाई के निर्देश भी जारी किए गए। प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

बैठक में सहायक आयुक्त राज्य कर विभाग शिखा सिंह, जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ की श्वेता खुराना, स्वापक नियंत्रण ब्यूरो के उप निरीक्षक कन्हैया लाल गुप्ता, पुलिस विभाग के निरीक्षक अरविंद कुमार, डीआरएस विभाग से दीपक सहित आईबी, वन एवं आबकारी विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।।