मंगलवार, 26 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: ईद-उल-अज़हा से पहले नोएडा में हाई अलर्ट, जामा मस्जिद समेत संवेदनशील इलाकों में पुलिस का फ्लैग मार्च!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ईद-उल-अज़हा से पहले नोएडा में हाई अलर्ट, जामा मस्जिद समेत संवेदनशील इलाकों में पुलिस का फ्लैग मार्च!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// नोएडा। आगामी ईद-उल-अज़हा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन एवं डीसीपी नोएडा श्री साद मियां खान के पर्यवेक्षण में नोएडा जोन में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में एडीसीपी नोएडा श्रीमती मनीषा सिंह ने थाना फेस-1 पुलिस टीम के साथ थाना क्षेत्र के जामा मस्जिद सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर फ्लैग मार्च और फुट पेट्रोलिंग की। पुलिस अधिकारियों ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण करते हुए आमजन में सुरक्षा का भरोसा भी जगाया।

फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस टीम द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग की गई। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने बाजारों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए ताकि त्योहार के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

एडीसीपी मनीषा सिंह ने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और धर्मगुरुओं से संवाद स्थापित कर आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के साथ त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सामग्री साझा न करने की सलाह दी। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए भी जागरूक किया गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आगामी त्योहारों को लेकर कमिश्नरेट क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। संवेदनशील इलाकों में लगातार पेट्रोलिंग, निगरानी और पुलिस की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित की जा रही है ताकि कानून-व्यवस्था पूरी तरह कायम रहे और लोग सुरक्षित वातावरण में त्योहार मना सकें।।