मंगलवार, 5 मई 2026

पैतृक जमीन के लिए रिश्तों का खून! भाई को फंसाने के लिए खुद को मारी गोली, बुलंदशहर में सनसनीखेज साजिश का खुलासा!!

शेयर करें:


पैतृक जमीन के लिए रिश्तों का खून! भाई को फंसाने के लिए खुद को मारी गोली, बुलंदशहर में सनसनीखेज साजिश का खुलासा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा/बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जनपद से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ लालच ने भाईचारे को पूरी तरह तार-तार कर दिया। पैतृक संपत्ति को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक भाई ने अपने ही बड़े भाई को जेल भिजवाने के लिए खुद पर गोली चलाकर साजिश रच डाली।

जानकारी के अनुसार, थाना खुर्जा देहात क्षेत्र के ग्राम धरानी निवासी मिथुन सोलंकी, जो नोएडा में प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य करता है, अपने बड़े भाई संजय पर गांव की पुश्तैनी जमीन बेचकर नोएडा में निवेश करने का दबाव बना रहा था। लेकिन जब संजय ने जमीन बेचने से साफ इनकार कर दिया, तो मिथुन ने एक खौफनाक साजिश को अंजाम दे डाला।

बताया जा रहा है कि मिथुन ने अवैध तमंचे से अपनी ही टांग में गोली मार ली, ताकि वह इस घटना को अपने भाई द्वारा किए गए जानलेवा हमले के रूप में पेश कर सके। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी है।

घटना के बाद घायल मिथुन को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है और उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

मामले की जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी खुर्जा, श्री शोभित कुमार ने बताया कि थाना खुर्जा देहात क्षेत्र के ग्राम धरानी में पैतृक संपत्ति विवाद के दौरान एक व्यक्ति द्वारा स्वयं को गोली मारने की घटना संज्ञान में आई है। घायल का उपचार जारी है और उसकी स्थिति सामान्य है। पुलिस ने मौके से असलहा बरामद कर लिया है और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में यह मामला खुद को गोली मारकर झूठा आरोप लगाने की साजिश का प्रतीत हो रहा है। यदि जांच में यह बात पुष्ट होती है, तो आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह घटना न केवल पारिवारिक रिश्तों में बढ़ते अविश्वास को उजागर करती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि लालच किस हद तक इंसान को गिरा सकता है। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने की बात कही जा रही है।।