गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में चेन स्नैचर गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, वांछित आरोपी गिरफ्तार—चोरी की बाइक, नकदी और अवैध हथियार बरामद!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। थाना बीटा-2 पुलिस ने चेन स्नैचिंग की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक शातिर वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, नकदी और अवैध चाकू बरामद किया है। इस कार्रवाई को क्षेत्र में बढ़ती स्नैचिंग की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 04 मई 2026 को थाना बीटा-2 पुलिस टीम ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर गामा-2 स्थित ग्रीन बेल्ट क्षेत्र से अभियुक्त मोनू श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से स्नैचिंग की गई चेन के लॉकेट को बेचकर प्राप्त ₹5500 नकद, एक चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (थाना सूरजपुर में दर्ज मुकदमा संख्या 203/2023 से संबंधित) और एक अवैध चाकू बरामद किया गया।
जांच में सामने आया कि अभियुक्त मोनू श्रीवास्तव एक शातिर किस्म का अपराधी है, जो अपने साथियों के साथ मिलकर राह चलते लोगों को निशाना बनाता था। आरोपी ने 11 अप्रैल 2026 को जगत फार्म मार्केट में एक महिला से चेन स्नैचिंग की घटना को अंजाम दिया था। इस मामले में उसका साथी और सगा भाई सोनू श्रीवास्तव पहले ही पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार होकर जेल भेजा जा चुका है, जबकि मोनू फरार चल रहा था।
गिरफ्तार अभियुक्त मूल रूप से जनपद हमीरपुर का निवासी है और वर्तमान में भंगेल क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों—सूरजपुर, इकोटेक-3 और बीटा-2 में एक दर्जन के करीब आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें चोरी, स्नैचिंग और आर्म्स एक्ट के गंभीर मामले शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियुक्त से पूछताछ के आधार पर अन्य साथियों और घटनाओं की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही, क्षेत्र में सक्रिय अन्य स्नैचिंग गिरोहों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है।
इस गिरफ्तारी से ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में चेन स्नैचिंग की घटनाओं पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी और आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा और मजबूत होगा।।
