गौतमबुद्धनगर: ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे के पास दर्दनाक हादसा: बुलेट बाइक के नीचे दबकर युवक की मौत, गर्म साइलेंसर से झुलसने की आशंका!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा के दादरी क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। हादसा बिसहाड़ा रोड स्थित ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे के पास हुआ, जहां एक बुलेट मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर फिसल गई और चालक उसके नीचे दब गया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बाइक के भारी वजन और इंजन-साइलेंसर की अत्यधिक गर्मी के कारण युवक गंभीर रूप से झुलस गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार, थाना दादरी को सूचना मिली थी कि ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे के पास एक व्यक्ति मोटरसाइकिल के नीचे दबा पड़ा है। सूचना मिलते ही थाना दादरी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और युवक को बाहर निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक की पहचान गौरव पुत्र लीवे निवासी ग्राम पिलखनवाली, थाना सिकंदराबाद, जनपद बुलंदशहर के रूप में हुई है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि बुलेट मोटरसाइकिल अचानक फिसल गई, जिसके बाद गौरव बाइक के नीचे दब गया। माना जा रहा है कि भारी मोटरसाइकिल का वजन और इंजन व साइलेंसर की गर्मी उसके लिए जानलेवा साबित हुई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है और मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।।
