सोमवार, 25 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: कंपनी में करोड़ों के इलेक्ट्रिक पैनल सामान की चोरी का खुलासा, इकोटेक-3 पुलिस ने 5 आरोपियों को दबोचा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: कंपनी में करोड़ों के इलेक्ट्रिक पैनल सामान की चोरी का खुलासा, इकोटेक-3 पुलिस ने 5 आरोपियों को दबोचा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा में औद्योगिक इकाइयों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह का थाना इकोटेक-3 पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने कंपनी से महंगे इलेक्ट्रिक पैनल और औद्योगिक उपकरण चोरी करने वाले 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में चोरी किया गया सामान बरामद किया है। पुलिस की जांच में सामने आया कि वारदात को अंजाम देने में कंपनी के पूर्व कर्मचारी ही शामिल थे, जिन्हें कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था और सामान की पूरी जानकारी थी।

पुलिस के अनुसार, 24 मई 2026 को एक कंपनी संचालक ने थाना इकोटेक-3 में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी कंपनी से अज्ञात चोरों द्वारा इलेक्ट्रिक पैनल से संबंधित महंगा सामान चोरी कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना और तकनीकी जांच के दौरान कंपनी में पहले काम कर चुके कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई।

इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए कंपनी के सामने से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रिषभ मिश्रा, जिशान, भारती, मोनू और संतोष कुमार सिंह के रूप में हुई है। सभी आरोपी अलग-अलग क्षेत्रों के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया भारी मात्रा में औद्योगिक सामान बरामद किया है, जिसमें 01 सॉफ्ट स्टार्टर सुपरनोवा, 09 एल्युमिनियम बसबार, 09 सीमेंस डिस्प्ले, 04 पीएलसी, 02 ट्रांसफार्मर तथा 13 राउटर/मॉडेम शामिल हैं। बरामद उपकरणों की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी कंपनी में पहले कार्य कर चुके थे, इसलिए उन्हें यह जानकारी थी कि कौन-सा सामान कहां रखा है और सुरक्षा व्यवस्था कैसी है। इसी का फायदा उठाकर उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गिरोह ने इससे पहले भी ऐसी घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं।

थाना इकोटेक-3 में आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।।