गौतमबुद्धनगर: एक्सपो मार्ट के पास पार्क में युवक ने फांसी लगाकर दी जान, इलाके में मचा हड़कंप!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा के थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक्सपो मार्ट के पास स्थित एक पार्क में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना पर थाना नॉलेज पार्क पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान शिवम पुत्र किशोरी, उम्र करीब 32 वर्ष, निवासी जनपद महोबा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया, जिन्होंने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि सुबह पार्क में पहुंचे लोगों ने युवक का शव पेड़ से लटका देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना नॉलेज पार्क पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस मृतक के पारिवारिक, सामाजिक और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही है। फिलहाल किसी तरह का सुसाइड नोट मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।
घटना के बाद इलाके में शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।।
