गौतमबुद्धनगर: नाली विवाद में हुई साजन भाटी की हत्या का खुलासा, हत्या के लिए बेटों को उकसाने वाली मां वीरमती गिरफ्तार!!
सूरजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पहले ही मुठभेड़ में पकड़े जा चुके हैं मुख्य आरोपी मंगेश और वीर सिंह
दो टूक//गौतमबुद्धनगर के थाना सूरजपुर क्षेत्र में ग्राम साकीपुर में नाली के पानी की निकासी और कूड़ा डालने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया था। इस सनसनीखेज मामले में साजन भाटी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अब सूरजपुर पुलिस ने मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या के लिए अपने बेटों को उकसाने वाली वांछित अभियुक्ता वीरमती को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 05/06 मई 2026 की रात ग्राम साकीपुर में दो पक्षों के बीच नाली के पानी की निकासी और कूड़ा डालने को लेकर कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गोली चल गई, जिसमें साजन भाटी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया था।
मृतक के चाचा की तहरीर पर थाना सूरजपुर में मुकदमा दर्ज करते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीमों का गठन किया गया और आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी गई।
सूरजपुर पुलिस ने पहले ही मुख्य आरोपी वीर सिंह और मंगेश उर्फ टिल्लू को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जांच के दौरान सामने आया कि दोनों आरोपियों को उनकी मां वीरमती ने घटना के लिए उकसाया था। इसी आधार पर पुलिस ने वीरमती को भी वांछित घोषित किया था।
बुधवार को थाना सूरजपुर पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अभियुक्ता वीरमती पत्नी कालू निवासी ग्राम साकीपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्ता का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में थाना बीटा-2 में भी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या जैसे संगीन अपराध में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।।
