गुरुवार, 7 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: गेहूं खरीद में गौतमबुद्धनगर ने दिखाई रफ्तार, प्रदेश में सातवां और संभाग में पहला स्थान!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: गेहूं खरीद में गौतमबुद्धनगर ने दिखाई रफ्तार, प्रदेश में सातवां और संभाग में पहला स्थान!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

डीएम ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, किसानों के समयबद्ध भुगतान और सुरक्षित भंडारण पर विशेष जोर

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 07 मई 2026। जनपद में गेहूं खरीद व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और किसान हितैषी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एनआईसी सभागार में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में गेहूं खरीद की प्रगति, किसानों को भुगतान, भंडारण व्यवस्था, परिवहन और एफसीआई डिपो में उपलब्ध स्थान समेत विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि गेहूं खरीद प्रक्रिया में किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी क्रय एजेंसियों के जिला प्रबंधकों को निर्देशित किया कि खरीदे गए गेहूं के सापेक्ष किसानों का शत-प्रतिशत भुगतान निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। साथ ही खरीदे गए गेहूं को शीघ्र भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के डिपो तक पहुंचाने तथा मौसम को देखते हुए सुरक्षित भंडारण की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।

डीएम ने कहा कि खुले में रखे गेहूं को त्रिपाल और पॉलिथीन से ढककर सुरक्षित रखा जाए ताकि बारिश या मौसम परिवर्तन से किसी प्रकार का नुकसान न हो। उन्होंने परिवहन व्यवस्था को भी दुरुस्त रखने पर जोर देते हुए कहा कि गेहूं उठान और प्रेषण में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक के दौरान अधिकारियों को क्रय केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने तथा किसानों को पेयजल, बैठने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता किसानों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना है और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जानी चाहिए।

जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बैठक में जानकारी देते हुए बताया कि जनपद को इस वर्ष 5500 मीट्रिक टन गेहूं खरीद का लक्ष्य मिला है, जिसके सापेक्ष अब तक 3162.464 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है। यह कुल लक्ष्य का लगभग 57.50 प्रतिशत है। बेहतर प्रगति के चलते गौतमबुद्धनगर प्रदेश स्तर पर सातवें स्थान और संभाग स्तर पर प्रथम स्थान पर पहुंच गया है।

उन्होंने बताया कि अब तक 845 किसानों को गेहूं खरीद योजना का लाभ दिया जा चुका है, जबकि 716 किसानों के खातों में पीएफएमएस के माध्यम से भुगतान सफलतापूर्वक भेजा जा चुका है। शेष किसानों के भुगतान की प्रक्रिया भी तेजी से पूरी कराई जा रही है।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका, वरिष्ठ कोषाधिकारी शिखा गुप्ता, जिला सहकारिता अधिकारी विवेका सिंह, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, एआर कॉपरेटिव सोसायटी, डीएस-पीसीएफ, एनसीसीएफ, एफसीआई डिपो प्रबंधक, एएमओ सदर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।।