गुरुवार, 7 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: लोक अदालत से मिलेगा आसान और सस्ता न्याय, सुप्रीम कोर्ट के मामलों के समाधान को अगस्त में विशेष आयोजन!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: लोक अदालत से मिलेगा आसान और सस्ता न्याय, सुप्रीम कोर्ट के मामलों के समाधान को अगस्त में विशेष आयोजन!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 07 मई 2026।
जनपद में आगामी 09 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर जिला न्यायालय परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में माननीय जनपद न्यायाधीश अतुल श्रीवास्तव ने विस्तृत जानकारी साझा करते हुए कहा कि लोक अदालत आमजन को आसान, सस्ता और त्वरित न्याय उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बन रही है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन जनपद गौतमबुद्धनगर के जिला मुख्यालय सहित सभी तहसील न्यायालयों में किया जाएगा, जहां विभिन्न प्रकार के मामलों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा।

माननीय जनपद न्यायाधीश ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में मोटर दुर्घटना प्रतिकर अधिनियम से संबंधित वाद, वैवाहिक विवाद, भारतीय उत्तराधिकार अधिनियम के मामले, दीवानी वाद, एमवी एक्ट एवं ई-चालान प्रकरण, आर्बिट्रेशन केस, लघु शमनीय अपराध, धारा 138 एनआई एक्ट के वाद, विद्युत अधिनियम से जुड़े मामले, भू-राजस्व, सेवा एवं पेंशन संबंधी विवाद, श्रम विवाद सहित अन्य मामलों का निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से लोगों को वर्षों पुराने मामलों से राहत मिलने के साथ-साथ न्यायिक प्रक्रिया में समय और धन दोनों की बचत होती है।

इसके अतिरिक्त प्री-लिटीगेशन स्तर पर बैंक ऋण, बिजली बिल और बीएसएनएल बिल से जुड़े मामलों का भी आपसी समझौते के माध्यम से समाधान कराया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोग राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाएं और अपने विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान कराएं।

प्रेस वार्ता के दौरान माननीय जनपद न्यायाधीश ने “समाधान समारोह” अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि माननीय उच्चतम न्यायालय में लंबित ऐसे मामलों, जिनमें समझौते की संभावना है, उनके निस्तारण हेतु आगामी 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष आयोजन के माध्यम से सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामलों का भी आपसी सहमति के आधार पर समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने संबंधित विभागों, अधिवक्ताओं एवं न्यायिक अधिकारियों से राष्ट्रीय लोक अदालत का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।

इस अवसर पर अपर जिला जज एवं नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत सोमप्रभा मिश्रा, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवानी रावत सहित अन्य न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।