शनिवार, 9 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: दनकौर के गांवों में स्वास्थ्य सेवाओं की पड़ताल: सीडीपीओ ने मातृ वंदना योजना को हर पात्र महिला तक पहुंचाने के दिए निर्देश!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: दनकौर के गांवों में स्वास्थ्य सेवाओं की पड़ताल: सीडीपीओ ने मातृ वंदना योजना को हर पात्र महिला तक पहुंचाने के दिए निर्देश!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर।
जनपद में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में बाल विकास विभाग लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में शनिवार को बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) ने दनकौर ब्लॉक के ग्राम सिरसा, घंगोला और कुलीपुरा में संचालित वीएचएसएनडी (Village Health Sanitation and Nutrition Day) सत्रों का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ लागू करने के निर्देश दिए।

सीडीपीओ ने निरीक्षण के दौरान विशेष रूप से प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रथम गर्भवती महिलाओं, पहली संतान तथा दूसरी संतान बालिका के लिए मिलने वाली सहायता राशि का लाभ प्रत्येक पात्र महिला तक समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि पोर्टल पर लंबित सभी पंजीकरणों को शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि लाभार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान सीडीपीओ ने वीएचएसएनडी सत्रों में टीकाकरण व्यवस्था, पोषण परामर्श और गर्भवती महिलाओं को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का भी गहन निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने और कुपोषण मुक्त समाज बनाने के लिए टीकाकरण और पोषण संबंधी जागरूकता बेहद जरूरी है। इसके लिए सभी विभागीय कर्मचारियों को समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करना होगा।

उन्होंने केंद्रों पर साफ-सफाई, रिकॉर्ड संधारण और लाभार्थियों को दी जा रही सेवाओं की गुणवत्ता पर भी जोर दिया। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और एएनएम को निर्देश दिए कि गांव स्तर पर अधिक से अधिक महिलाओं को योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाए ताकि कोई भी पात्र महिला सरकारी लाभ से वंचित न रहे।

इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सविता और शशि बाला के साथ एएनएम इमलेश एवं मीनू राय भी मौजूद रहीं। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।