शनिवार, 9 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में गूंजा ओलंपिक सपना, खेलो इंडिया सेंटर के निरीक्षण में खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में गूंजा ओलंपिक सपना, खेलो इंडिया सेंटर के निरीक्षण में खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

भारतीय खेल प्राधिकरण के उप निदेशक शम्भू यादव बोले— “ओलंपिक पदक को लक्ष्य बनाकर करें तैयारी, तभी खेल महाशक्ति बनेगा भारत”

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 09 मई 2026।
जनपद गौतमबुद्धनगर स्थित मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में संचालित कुश्ती खेलो इंडिया सेंटर का शनिवार को भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) दिल्ली के उप निदेशक शम्भू यादव ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से संवाद कर उन्हें खेलो इंडिया स्कीम की विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

निरीक्षण के दौरान उप निदेशक शम्भू यादव ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश के युवा खिलाड़ियों को केवल राज्य या राष्ट्रीय स्तर तक सीमित सोच नहीं रखनी चाहिए, बल्कि उनका लक्ष्य ओलंपिक में भारत के लिए पदक जीतना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब देश के खिलाड़ी बड़े लक्ष्य लेकर मेहनत करेंगे, तभी भारत खेल जगत में विश्व की शीर्ष 10 ताकतों में अपनी मजबूत पहचान बना सकेगा।

उन्होंने खेलो इंडिया सेंटर में प्रशिक्षण व्यवस्था, खिलाड़ियों की सुविधाओं तथा कोचिंग व्यवस्था का जायजा लिया और खिलाड़ियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी भी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने खेलो इंडिया स्कीम की कुश्ती कोच अंजुम मालिक को निर्देशित किया कि सेंटर में कम उम्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों एवं अधिक से अधिक महिला खिलाड़ियों को शामिल किया जाए, ताकि भविष्य में देश को अंतरराष्ट्रीय स्तर के बेहतरीन खिलाड़ी मिल सकें।

उप निदेशक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें सही मंच, बेहतर प्रशिक्षण और प्रोत्साहन देने की है। खेलो इंडिया योजना इसी उद्देश्य को लेकर काम कर रही है, जिससे गांव और छोटे शहरों के खिलाड़ी भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंच सकें।

इस अवसर पर प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. परवेज अली ने उप निदेशक शम्भू यादव का बुके भेंट कर एवं शॉल ओढ़ाकर स्वागत एवं सम्मान किया। कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

निरीक्षण के दौरान कबड्डी कोच सुमित कुमार, बास्केटबॉल कोच विजय, जिम कोच शुभम नागर तथा कार्यालय सहायक देवेंद्र कौशिक सहित अन्य लोग मौजूद रहे।।