शुक्रवार, 22 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: वेदवान पार्क में फिर बहाल हुई पेयजल व्यवस्था, नोएडा प्राधिकरण ने लगवाया नया वाटर कूलर!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: वेदवान पार्क में फिर बहाल हुई पेयजल व्यवस्था, नोएडा प्राधिकरण ने लगवाया नया वाटर कूलर!!

 वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा, 22 मई 2026:: नोएडा प्राधिकरण के वेदवान पार्क में आने वाले लोगों को अब गर्मी के मौसम में पेयजल की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। पार्क में जनसुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में कार्य करते हुए नोएडा प्राधिकरण के उद्यान विभाग द्वारा आज नया वाटर कूलर स्थापित कराया गया।

गौरतलब है कि वर्ष 2023-24 में रोटरी क्लब दिल्ली द्वारा सामाजिक दायित्व के तहत वेदवान पार्क में एक वाटर कूलर लगवाया गया था, जिससे पार्क में आने वाले मॉर्निंग वॉकर्स, बुजुर्गों, बच्चों एवं आम नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो रहा था। लेकिन पिछले लगभग 3 से 4 महीनों से अनुरक्षण एवं तकनीकी देखरेख के अभाव में उक्त वाटर कूलर खराब पड़ा हुआ था।

पार्क में पेयजल व्यवस्था बाधित होने के कारण स्थानीय लोगों एवं नियमित रूप से पार्क आने वाले नागरिकों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। इस संबंध में लगातार शिकायतें एवं मांगें सामने आ रही थीं, जिसके बाद नोएडा प्राधिकरण ने मामले का संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई की।

आज दिनांक 22 मई 2026 को उद्यान विभाग की ओर से पुराने खराब वाटर कूलर को हटाकर उसके स्थान पर नया आधुनिक वाटर कूलर स्थापित कर दिया गया। इसके शुरू होने से पार्क में आने वाले लोगों को स्वच्छ एवं ठंडे पेयजल की सुविधा पुनः उपलब्ध हो गई है।

स्थानीय नागरिकों ने नोएडा प्राधिकरण की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि भीषण गर्मी के मौसम में पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा का उपलब्ध होना बेहद आवश्यक है। लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी पार्क की सुविधाओं का नियमित अनुरक्षण किया जाता रहेगा, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।