बुधवार, 20 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: किसान दिवस में गूंजीं किसानों की समस्याएं, वैज्ञानिकों ने दी आधुनिक खेती और आय बढ़ाने की जानकारी!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: किसान दिवस में गूंजीं किसानों की समस्याएं, वैज्ञानिकों ने दी आधुनिक खेती और आय बढ़ाने की जानकारी!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 20 मई 2026।
जनपद के किसानों की समस्याओं के समाधान, कृषि योजनाओं की जानकारी और आधुनिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकास भवन स्थित कृषि विभाग कार्यालय में किसान दिवस का आयोजन किया गया। प्रत्येक माह के तृतीय बुधवार को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रगतिशील किसानों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं और खेती से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

उप कृषि निदेशक की अध्यक्षता में आयोजित किसान दिवस में किसानों को सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं, फार्मर रजिस्ट्री, धान एवं ढैंचा बीज की उपलब्धता समेत कृषि विभाग की योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। अधिकारियों ने किसानों को बताया कि न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर होने वाली खरीद के लिए अब फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य कर दी गई है, इसलिए सभी किसान समय रहते अपना पंजीकरण अवश्य कराएं।

कार्यक्रम के दौरान कृषि विज्ञान केंद्र की वैज्ञानिक डॉ. विनिता सिंह ने किसानों को संतुलित एवं वैज्ञानिक तरीके से उर्वरकों के प्रयोग के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों का संतुलित उपयोग न केवल भूमि की उर्वरा शक्ति को बनाए रखता है बल्कि फसलों की गुणवत्ता और उत्पादन क्षमता भी बढ़ाता है। किसानों को मिट्टी परीक्षण के आधार पर उर्वरकों के उपयोग की सलाह भी दी गई।

वहीं उद्यान विभाग के प्रतिनिधि प्रेम शंकर शर्मा ने किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ औद्यानिक फसलों की खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि फल, सब्जी और अन्य बागवानी फसलों के क्षेत्रफल में वृद्धि कर किसान अपनी आय को कई गुना तक बढ़ा सकते हैं।

मत्स्य विभाग के अधिकारी हरीशंकर त्रिपाठी ने किसानों को आधुनिक तकनीक के जरिए मत्स्य पालन को बढ़ावा देने और इससे अतिरिक्त आय अर्जित करने के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खेती के साथ मत्स्य पालन अपनाकर किसान आत्मनिर्भर बन सकते हैं और कम लागत में बेहतर लाभ प्राप्त कर सकते हैं।

किसान दिवस कार्यक्रम में सिंचाई, ऊर्जा, कृषि उत्पादन, पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, उद्यान, मत्स्य विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। साथ ही एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कम्पनी के क्षेत्रीय प्रबंधक ने भी किसानों को फसल बीमा योजनाओं और उससे मिलने वाले लाभों की जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से जुड़ी किसानों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया, जिससे किसानों ने संतोष व्यक्त किया। अंत में उप कृषि निदेशक ने उपस्थित किसानों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन पर प्रसन्नता जताई।।