गौतमबुद्धनगर: श्रमिक दिवस पर गौतमबुद्धनगर में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था, शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया “मई दिवस”!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
गौतमबुद्धनगर, 01 मई 2026:
दो टूक//पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में “अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस” के अवसर पर जनपद गौतमबुद्धनगर में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक और सुदृढ़ पुलिस प्रबंध किए गए। औद्योगिक क्षेत्रों, संवेदनशील स्थानों और प्रमुख चौराहों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई, वहीं नियमित पेट्रोलिंग के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी रखी गई।
श्रमिक दिवस के मौके पर जनपद के विभिन्न औद्योगिक इकाइयों, कंपनियों एवं प्रतिष्ठानों में कार्यरत श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक और आपसी सौहार्द के साथ इस दिन को मनाया। सुबह की शिफ्ट से ही श्रमिकों ने अपने-अपने संस्थानों में प्रबंधन के साथ मिलकर हर्षोल्लास के साथ कार्यक्रम आयोजित किए, जिसके बाद वे सामान्य रूप से अपने कार्यों में जुट गए।
पुलिस एवं प्रशासन द्वारा पूरे जिले में कानून-व्यवस्था को पूरी तरह नियंत्रण में रखा गया। इसके लिए प्रभावी ड्यूटी प्लान लागू किया गया और संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाते हुए हर गतिविधि पर सतर्क निगरानी रखी गई, जिससे कहीं भी किसी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो। प्रशासन की प्राथमिकता रही कि श्रमिक वर्ग को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
कुछ औद्योगिक इकाइयां अपने वार्षिक कैलेंडर अवकाश एवं बुद्ध पूर्णिमा के चलते बंद रहीं, जबकि अधिकांश स्थानों पर श्रमिकों ने नियमित रूप से कार्य करते हुए “श्रमिक दिवस” को गरिमापूर्ण ढंग से मनाया।
कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने श्रमिकों के योगदान को सराहते हुए उनके सुरक्षित और बेहतर कार्य वातावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इसी तरह सजगता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए जनपद में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित की जाती रहेगी।
