गुरुवार, 28 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: स्नैचिंग करने वाले दो बदमाश गिरफ्तार, नकदी और अवैध चाकू बरामद!!

शेयर करें:
गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: स्नैचिंग करने वाले दो बदमाश गिरफ्तार, नकदी और अवैध चाकू बरामद!!
 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा के थाना सेक्टर-20 पुलिस ने स्नैचिंग की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्नैचिंग की वारदात से संबंधित 8030 रुपये नकद और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 27 मई 2026 को थाना सेक्टर-20 पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर कार्रवाई करते हुए सेक्टर-29 नाले के पास से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रब्बान पुत्र मोहम्मद अली निवासी जैतपुर खड्डा कॉलोनी, थाना कालिंदी कुंज दिल्ली तथा चमन पुत्र अनवर अली निवासी जैतपुर खड्डा कॉलोनी, थाना कालिंदी कुंज दिल्ली के रूप में हुई है।

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों अभियुक्त स्नैचिंग की घटनाओं में सक्रिय रूप से शामिल थे। थाना सेक्टर-20 में दर्ज मुकदमा संख्या 157/2026 धारा 304(2) बीएनएस से संबंधित छीनी गई चेन को बेचकर प्राप्त रकम में से अभियुक्त रब्बान के पास से 4510 रुपये नकद और एक अवैध चाकू बरामद किया गया, जबकि अभियुक्त चमन के कब्जे से 3730 रुपये नकद और एक अवैध चाकू बरामद हुआ।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त रब्बान पर दिल्ली और गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट और स्नैचिंग समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं अभियुक्त चमन के खिलाफ भी स्नैचिंग और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज पाए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों अभियुक्त लंबे समय से अपराध की दुनिया में सक्रिय थे और इनके अन्य आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

थाना सेक्टर-20 पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।