रविवार, 31 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: मेहनत, लगन और नेतृत्व का मिला सम्मान: दीपा भाटी बनीं हापुड़ की बेसिक शिक्षा अधिकारी, समाज में खुशी की लहर!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: मेहनत, लगन और नेतृत्व का मिला सम्मान: दीपा भाटी बनीं हापुड़ की बेसिक शिक्षा अधिकारी, समाज में खुशी की लहर!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। शिक्षा जगत में अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली, प्रशासनिक दक्षता और समर्पण के बल पर नई पहचान बनाने वाली श्रीमती दीपा भाटी के हापुड़ जनपद में बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) नियुक्त होने पर समाज एवं क्षेत्र में हर्ष और गर्व का माहौल है। उनकी इस महत्वपूर्ण नियुक्ति पर अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सविंदर भाटी तथा गौतमबुद्ध नगर के लोकप्रिय समाजसेवी एवं संगठन के जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने उनके ग्रेटर नोएडा स्थित आवास पहुंचकर उन्हें राधा-कृष्ण की प्रतिमा भेंट की और उज्ज्वल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में वक्ताओं ने कहा कि दीपा भाटी की यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि पूरे समाज, जिले और विशेष रूप से महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने अपने परिश्रम, अनुशासन और कार्य के प्रति समर्पण के बल पर यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी प्राप्त की है।

अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सविंदर भाटी ने कहा कि वर्ष 2021 बैच की अधिकारी श्रीमती दीपा भाटी ने शिक्षा क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य करते हुए अपनी अलग पहचान बनाई है। इससे पूर्व वह गवर्नमेंट इंटर कॉलेज, सेक्टर-51 नोएडा में प्रधानाचार्य के रूप में सेवाएं दे रही थीं। उनकी कार्यकुशलता, नेतृत्व क्षमता और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को देखते हुए उन्हें यह नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में हापुड़ जनपद की बेसिक शिक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ एवं गुणवत्तापूर्ण बनेगी।

वहीं गौतमबुद्ध नगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने कहा कि आज समाज को ऐसे शिक्षित, कर्मठ और दूरदर्शी अधिकारियों की आवश्यकता है जो नई पीढ़ी को बेहतर दिशा दे सकें। दीपा भाटी ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के दम पर यह मुकाम हासिल किया है, जो युवाओं विशेषकर बेटियों और महिलाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और नेतृत्व क्षमता का यह एक उत्कृष्ट उदाहरण है, जिससे नारी शक्ति का सम्मान और गौरव दोनों बढ़े हैं। अशोक भाटी ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को उनकी सफलता से प्रेरणा लेकर शिक्षा और सेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहिए।

उन्होंने आगे कहा कि समाज के लिए यह गर्व का विषय है कि क्षेत्र की प्रतिभाएं महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर पहुंचकर शिक्षा और विकास की दिशा में योगदान दे रही हैं। ऐसे अवसर समाज को नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच प्रदान करते हैं।

दीपा भाटी के बेसिक शिक्षा अधिकारी, हापुड़ नियुक्त होने की खबर से समाज एवं क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनके आवास पर लगातार शुभचिंतकों, सामाजिक संगठनों और गणमान्य लोगों का पहुंचना जारी है तथा सभी उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं।

इस अवसर पर सविंदर भाटी, अशोक भाटी, प्रिंस भाटी, नरेंद्र कुमार, भगत सिंह भाटी, विकास कुमार, सचिन भाटी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।।