गौतमबुद्धनगर:दादरी पुलिस की बड़ी सफलता: चोरी की वारदातों का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; चोरी का माल और ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के अंतर्गत थाना दादरी पुलिस ने चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया स्टील गेट, पीतल के बर्तन तथा वारदात में प्रयुक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।
पुलिस के अनुसार, रविवार को थाना दादरी पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए जारचा अंडरपास से सिकंदराबाद की ओर जाने वाले मार्ग पर दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी का सामान बरामद हुआ, जिसके बाद उन्हें विधिक कार्रवाई के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निखिल भाटी (20 वर्ष) पुत्र हरिओम तथा भरत भाटी (22 वर्ष) पुत्र जसराज, निवासी ग्राम लुहारली, थाना दादरी, जनपद गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि बरामद स्टील का गेट उन्होंने राधा कुंज कॉलोनी से चोरी किया था, जबकि पीतल के चार बर्तन सेक्टर म्यू-1 क्षेत्र से चुराए गए थे। इन दोनों चोरी की घटनाओं के संबंध में थाना दादरी में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। आरोपियों की निशानदेही और स्वीकारोक्ति के आधार पर पुलिस ने चोरी का सामान बरामद कर लिया।
बरामदगी में एक स्टील गेट, चार पीतल के बर्तन तथा चोरी की वारदातों को अंजाम देने में इस्तेमाल की गई ट्रैक्टर-ट्रॉली शामिल है। पुलिस का मानना है कि आरोपी ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से भारी सामान चोरी कर आसानी से उसे ठिकाने लगाने की योजना बनाते थे।
थाना दादरी पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई को क्षेत्र में हो रही चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे किसी बड़े चोरी गिरोह से जुड़े हैं या नहीं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ दर्ज मुकदमों में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस सफलता से क्षेत्रीय लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है और पुलिस की सक्रिय कार्यशैली की सराहना की जा रही है।।
