बुधवार, 27 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: बुलंदशहर बॉर्डर पर पुलिस-बदमाश मुठभेड़, फायरिंग के बाद शातिर अपराधी शहजाद घायल गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: बुलंदशहर बॉर्डर पर पुलिस-बदमाश मुठभेड़, फायरिंग के बाद शातिर अपराधी शहजाद घायल गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर के थाना जारचा क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और एक शातिर बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। बुलंदशहर बॉर्डर स्थित समाना नहर के पास चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग करने वाले बदमाश को जवाबी कार्रवाई में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान शहजाद पुत्र अकबर निवासी ग्राम कलौंदा, थाना जारचा, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है, जिस पर चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, 27 मई 2026 को थाना जारचा पुलिस बुलंदशहर बॉर्डर स्थित समाना नहर के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सामने से बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया।

पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश शहजाद के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। मौके से पुलिस ने एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस .315 बोर तथा बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

जांच में सामने आया कि गिरफ्तार बदमाश शहजाद एक शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ बुलंदशहर जनपद के विभिन्न थानों में दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी पर चोरी, वाहन चोरी, अवैध हथियार रखने, गैंगस्टर एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक उसके खिलाफ ककोड़, औरंगाबाद, अगौता, छतारी, पहासू, शिकारपुर, अहमदगढ़, खुर्जा देहात और कोतवाली देहात समेत कई थानों में मुकदमे पंजीकृत हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय था और क्षेत्र में चोरी तथा अन्य अपराधों में उसकी संलिप्तता की जांच की जा रही है। पुलिस अब उसके अन्य साथियों और आपराधिक नेटवर्क की भी जानकारी जुटा रही है।

घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की ओर से बताया गया कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।