गौतमबुद्धनगर: नोएडा में कारों को निशाना बनाने वाला गैंग पकड़ा गया, हिस्ट्रीशीटर समेत दो बदमाश गिरफ्तार!!
सेक्टर-39 पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चोरी की रकम, तमंचा और अवैध चाकू बरामद
कार का शीशा तोड़कर उड़ाए थे ₹2 लाख, पूछताछ में आरोपियों ने कबूला जुर्म
दो टूक//नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की थाना सेक्टर-39 पुलिस ने कारों का शीशा तोड़कर चोरी करने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर एक बड़ी वारदात का खुलासा किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी भी शामिल है, जिसके खिलाफ लूट, हत्या के प्रयास, चोरी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस और फर्जीवाड़े समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी की रकम में से ₹10 हजार नकद, एक तमंचा, जिंदा कारतूस और अवैध चाकू बरामद किया है।
थाना सेक्टर-39 पुलिस ने 22 मई 2026 को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर सदरपुर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान विशाल शर्मा उर्फ ढोला पुत्र हरीकिशन निवासी सदरपुर सेक्टर-45 नोएडा और सनी पुत्र रमेश निवासी हाथरस, वर्तमान निवासी सदरपुर सेक्टर-45 नोएडा के रूप में हुई है।
रात के अंधेरे में कारों को बनाते थे निशाना
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने 9 मई 2026 की रात सदरपुर स्थित शर्मा मार्केट में खड़ी एक कार का शीशा तोड़कर उसमें रखे ₹2 लाख चोरी किए थे। वारदात के बाद दोनों आरोपियों ने रकम को आपस में बराबर बांट लिया और अधिकांश पैसा मौज-मस्ती व अपने शौक पूरे करने में खर्च कर दिया। पुलिस द्वारा बरामद ₹10 हजार उसी चोरी की रकम का बचा हुआ हिस्सा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी भीड़भाड़ वाले बाजारों और सुनसान इलाकों में खड़ी कारों को निशाना बनाते थे। मौका मिलते ही कार का शीशा तोड़कर उसमें रखा कैश और कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाते थे।
लोगों को डराने के लिए रखते थे हथियार
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि वे वारदात के दौरान लोगों को डराने-धमकाने और खुद को बचाने के लिए अवैध हथियार अपने पास रखते थे। पुलिस ने विशाल शर्मा के कब्जे से ₹6000 नकद, एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया, जबकि सनी के पास से ₹4000 नकद और एक अवैध चाकू बरामद हुआ।
हिस्ट्रीशीटर आरोपी पर दर्ज हैं 22 मुकदमे
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी विशाल शर्मा उर्फ ढोला थाना सेक्टर-39 का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। उसके खिलाफ गौतमबुद्धनगर में लूट, चोरी, हत्या के प्रयास, फर्जीवाड़ा, अवैध शराब तस्करी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत 22 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वह लंबे समय से अपराध की दुनिया में सक्रिय है और पहले भी कई वारदातों में जेल जा चुका है।
वहीं दूसरे आरोपी सनी के खिलाफ भी पूर्व में आर्म्स एक्ट और चोरी से संबंधित मुकदमा दर्ज है। पुलिस अब दोनों आरोपियों के अन्य साथियों और पुराने मामलों की भी जांच कर रही है।
क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोर गिरोह पर पुलिस की नजर
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नोएडा में वाहन और कारों को निशाना बनाने वाले गिरोहों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। थाना सेक्टर-39 पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोर गिरोहों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
बरामदगी
- चोरी के ₹10,000 नकद
- 01 तमंचा मय 01 जिंदा कारतूस
- 01 अवैध चाकू
गिरफ्तार आरोपी
- विशाल शर्मा उर्फ ढोला निवासी सदरपुर, सेक्टर-45 नोएडा
- सनी पुत्र रमेश, वर्तमान निवासी सदरपुर, सेक्टर-45 नोएडा
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।।
