मऊ :
जनगणना-2027 के अंतर्गत मकान गणना,सूचीकरण कार्य का जिलाधिकारी ने किया शुभारंभ।
●जनगणना कार्य को समयबद्ध, पारदर्शी एवं शत प्रतिशत गुणवत्ता के साथ संपन्न कराने के दिए निर्देश।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : जनगणना-2027 के अंतर्गत जनपद में मकान गणना एवं सूचीकरण कार्य का शुभारंभ आज जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन द्वारा किया गया। प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकान की गणना का कार्य 22 मई 2026 से 20 जून 2026 के बीच संपन्न कराया जाएगा। इससे पहले 7 में से 21 मई 2026 तक स्वगणना की सुविधा उपलब्ध कराई गई थी।इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से विकास योजनाओं के निर्माण एवं संसाधनों के बेहतर प्रबंधन हेतु आवश्यक आंकड़े उपलब्ध होते हैं। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं प्रगणकों को कार्य को गंभीरता, पारदर्शिता तथा समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि मकान गणना/सूचीकरण कार्य के अंतर्गत नामित प्रगणक घर-घर जाकर प्रत्येक मकान से संबंधित सूचनाएं एकत्र करेंगे। उन्होंने आमजन से अपील की कि प्रगणकों को सही एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराकर जनगणना कार्य में सहयोग करें।
कलेक्ट्रेट परिसर हेतु नामित प्रगणक द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर से ही मकान गणना सूचीकरण कार्य का शुभारंभ करते हुए सूचीकरण कार्य किया गया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों ने प्रक्रिया का अवलोकन किया तथा कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न कराने पर बल दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना का यह कार्य देश की भावी योजनाओं एवं नीतियों के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, इसलिए इसमें सभी की सहभागिता आवश्यक है। इस अवसर पर संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
