मंगलवार, 26 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: सूरजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दो शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी के मोबाइल और अवैध हथियार बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: सूरजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दो शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी के मोबाइल और अवैध हथियार बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा के थाना सूरजपुर पुलिस ने अपराध और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के तीन मोबाइल फोन और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। इस कार्रवाई को स्थानीय खुफिया सूचना और गोपनीय इनपुट के आधार पर अंजाम दिया गया।

पुलिस के अनुसार, दिनांक 25 मई 2026 को थाना सूरजपुर पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश और चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक चोरी के मोबाइल फोन के साथ रेलवे पुल के नीचे सर्विस रोड पर मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अबूजर अल्वी सैय्यद पुत्र जमालुद्दीन अल्वी सैय्यद निवासी जीवनगढ़, थाना क्वार्सी, अलीगढ़ तथा वर्तमान निवासी सूरजपुर, गौतमबुद्धनगर और मौहम्मद शाकिर पुत्र मौहम्मद असलम निवासी गंगेडा, बुलंदशहर तथा वर्तमान निवासी सूरजपुर के रूप में हुई है। दोनों की उम्र करीब 19 से 20 वर्ष बताई जा रही है।

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के तीन मोबाइल फोन बरामद किए। इसके अलावा दोनों के पास से एक-एक अवैध चाकू भी मिला। पुलिस ने बरामद मोबाइल फोन के संबंध में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि मोबाइल किन क्षेत्रों से चोरी किए गए थे।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी मौहम्मद शाकिर पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ थाना सूरजपुर में आर्म्स एक्ट और चोरी से संबंधित मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस का मानना है कि दोनों आरोपी क्षेत्र में सक्रिय चोरी गिरोह से जुड़े हो सकते हैं और उनसे पूछताछ के आधार पर अन्य घटनाओं का भी खुलासा होने की संभावना है।

इस संबंध में थाना सूरजपुर में मु0अ0सं0 280/2026 के तहत धारा 317(5) बीएनएस और 4/25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।