गौतमबुद्धनगर: बिसरख पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 1 किलो 100 ग्राम गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट के तहत थाना बिसरख पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद किया है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 26 मई 2026 को थाना बिसरख पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर अभियान चलाया। इसी दौरान चौकी क्षेत्र निराला स्टेट के पास से गांजा तस्करी में लिप्त अभियुक्त विवेक पुत्र तारकेश्वर यादव को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 1 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विवेक पुत्र तारकेश्वर यादव निवासी ग्राम इंग्लिश फरका, थाना सरबोर, जिला भागलपुर (बिहार) के रूप में हुई है। वर्तमान में वह संजय बिहार कॉलोनी, थाना इकोटेक-3 क्षेत्र, गौतमबुद्धनगर में रह रहा था। आरोपी की उम्र करीब 22 वर्ष बताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी लंबे समय से गांजा तस्करी के नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी गांजा कहां से लाता था और किन-किन क्षेत्रों में इसकी सप्लाई करता था। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
थाना बिसरख पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 336/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जनपद में नशे के कारोबार पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी कीमत पर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।।
