गौतमबुद्धनगर: फर्जी रजिस्ट्री कर करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह पर शिकंजा, जारचा पुलिस ने वांछित आरोपी को दबोचा!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की थाना जारचा पुलिस ने जमीनों की फर्जी रजिस्ट्री कर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी को लाल कुआं क्षेत्र के पास से दबोच लिया। इस गिरोह के खिलाफ थाना जारचा में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं और इससे पहले सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान विनोद कुमार सिंह पुत्र हरपाल सिंह निवासी ग्राम आदमपुर, थाना टप्पल, जनपद अलीगढ़ के रूप में हुई है। वर्तमान में आरोपी दिल्ली के गाजीपुर क्षेत्र में रह रहा था। जांच में सामने आया है कि आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर खुद को जमीन का वास्तविक भू-स्वामी बताता था और फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीनों की रजिस्ट्री कराता था। इसी फर्जीवाड़े के जरिए कई लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह गिरोह सुनियोजित तरीके से जमीन संबंधी दस्तावेज तैयार करता था और भोले-भाले लोगों को जमीन बेचने के नाम पर अपने जाल में फंसाता था। मामले की जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं, जिनके आधार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
थाना जारचा में आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और आपराधिक षड्यंत्र सहित विभिन्न धाराओं में छह मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी के खिलाफ थाना जारचा में मु0अ0सं0 49/26, 50/26, 51/26, 52/26, 53/26 तथा 76/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की इस कार्रवाई को जमीन संबंधी फर्जीवाड़े और भू-माफियाओं के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। इलाके में इस कार्रवाई के बाद हड़कंप मचा हुआ है।
