गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस का बड़ा खुलासा: कार में लिफ्ट देकर यात्रियों को बनाते थे शिकार, यूपीआई और एटीएम से लूट करने वाला गैंग गिरफ्तार!!
दो टूक//नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की थाना सेक्टर-39 पुलिस ने एक ऐसे शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो एनसीआर में कार में लिफ्ट देने के बहाने यात्रियों को बैठाकर उनसे मारपीट, धमकी और डिजिटल माध्यम से लूटपाट की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से अवैध हथियार, चाकू और फर्जी नंबर प्लेट लगी एक अर्टिगा कार बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान नसीम अली, अभिषेक कुमार, विवेक, कार्तिक ठाकुर और मनोज कुमार के रूप में हुई है। सभी आरोपियों को स्टेलर ग्रीन पार्क के पास से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।
लिफ्ट देने के बहाने बनाते थे शिकार
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एनसीआर क्षेत्र में अर्टिगा कार लेकर घूमते थे और रास्ते में खड़े लोगों को लिफ्ट देने के बहाने कार में बैठा लेते थे। इसके बाद सुनसान इलाके में ले जाकर अवैध तमंचे और चाकू दिखाकर यात्रियों को डराते-धमकाते थे। आरोपी पीड़ितों से यूपीआई और एटीएम के जरिए पैसे ट्रांसफर कराते थे तथा विरोध करने पर उनके साथ मारपीट भी करते थे। वारदात के बाद पीड़ितों को सुनसान स्थानों पर छोड़कर फरार हो जाते थे।
पुलिस ने बरामद किए हथियार और फर्जी नंबर प्लेट वाली कार
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे .315 बोर, तीन अवैध चाकू और फर्जी नंबर प्लेट लगी एक अर्टिगा कार बरामद की गई है। पुलिस का कहना है कि गिरोह लंबे समय से इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहा था और इनके अन्य आपराधिक कनेक्शन भी खंगाले जा रहे हैं।
कई आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं गंभीर मुकदमे
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह के कई सदस्य पहले से आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं। मुख्य आरोपी नसीम अली पर आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं मनोज कुमार पर एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम के तहत भी केस दर्ज पाए गए हैं।
डिजिटल लूट के नए तरीकों से सतर्क रहने की अपील
नोएडा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान लोगों से लिफ्ट लेने से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि डिजिटल पेमेंट के बढ़ते इस्तेमाल के साथ अपराधी नए-नए तरीके अपना रहे हैं, ऐसे में सतर्कता बेहद जरूरी है।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की इस कार्रवाई को संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।।
