गौतमबुद्धनगर: नोएडा बनेगा हाईटेक सेफ सिटी, 561 स्थानों पर लगेंगे 1949 सीसीटीवी कैमरे!!
महिलाओं, बच्चों और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए नोएडा प्राधिकरण की बड़ी तैयारी, इमरजेंसी बटन से लेकर नंबर प्लेट डिटेक्टर कैमरों तक पर जोर
नोएडा, 15 मई 2026।
दो टूक//नोएडा को देश के सबसे सुरक्षित और तकनीक आधारित शहरों में शामिल करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। शुक्रवार को नोएडा प्राधिकरण के बोर्ड रूम में मुख्य कार्यपालक अधिकारी की अध्यक्षता में “नोएडा सेफ सिटी परियोजना” को लेकर उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर की सुरक्षा व्यवस्था को अत्याधुनिक तकनीक से मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री कृष्णा करुणेश, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीमती वंदना त्रिपाठी, श्री सतीश पाल, विशेष कार्याधिकारी श्री क्रांति शेखर, महाप्रबंधक श्री एस.पी. सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक श्री रविंद्र कुमार, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के प्रतिनिधियों, यातायात पुलिस अधिकारियों एवं परियोजना से जुड़े परामर्शदाताओं ने भाग लिया।
बैठक के दौरान विशेषज्ञों द्वारा नोएडा सेफ सिटी परियोजना का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया गया। पुलिस विभाग ने महिलाओं, बच्चों एवं शहरवासियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए शहर के 561 संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों को चिन्हित किया है। इन स्थानों पर कुल 1949 हाईटेक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की योजना है, जिससे शहर के प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक स्थलों और व्यस्त इलाकों की चौबीसों घंटे निगरानी की जा सकेगी।
इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए शहर में इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम को भी मजबूत किया जाएगा। पहले जहां 100 स्थानों पर आपातकालीन बटन लगाने का प्रस्ताव था, वहीं मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने इसे बढ़ाकर 147 स्थानों पर स्थापित करने के निर्देश दिए। इन बटनों के माध्यम से किसी भी आपात स्थिति में नागरिक तुरंत पुलिस और प्रशासन से संपर्क कर सकेंगे।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 100 प्रमुख स्थानों पर नंबर प्लेट डिटेक्टर कैमरे लगाए जाएंगे, जिससे संदिग्ध वाहनों की पहचान और अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी। वहीं 20 स्थानों पर वेरिएबल मैसेज साइन बोर्ड स्थापित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से ट्रैफिक, सुरक्षा और आपातकालीन सूचनाएं तत्काल प्रसारित की जा सकेंगी।
इसके अतिरिक्त शहर के 418 स्थानों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगाने की योजना भी तैयार की गई है। इस प्रणाली के जरिए किसी भी आपदा, ट्रैफिक अलर्ट या सुरक्षा संबंधी सूचना को सार्वजनिक रूप से तुरंत प्रसारित किया जा सकेगा।
नोएडा प्राधिकरण का मानना है कि सेफ सिटी परियोजना लागू होने के बाद शहर में महिलाओं की सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन और अपराध नियंत्रण व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा। साथ ही आधुनिक तकनीक के उपयोग से नोएडा को एक स्मार्ट और सुरक्षित शहर के रूप में नई पहचान मिलेगी।।
