गौतमबुद्धनगर: पार्टी के बाद दोस्ती बनी दुश्मनी: फ्लैट में मारपीट, लूटपाट और ब्लैकमेलिंग करने वाले 4 आरोपी बिसरख पुलिस के हत्थे चढ़े!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। थाना बिसरख पुलिस ने पार्टी के दौरान हुए विवाद के बाद मारपीट, तोड़फोड़, लूटपाट और ब्लैकमेलिंग जैसी गंभीर वारदात को अंजाम देने वाले चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीड़ित की स्विफ्ट कार समेत कई कीमती सामान बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 7 मई 2026 को पीड़ित के फ्लैट पर पार्टी चल रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने पीड़ित के साथ मारपीट और गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि आरोपियों ने फ्लैट में जमकर तोड़फोड़ की और कमरे में रखे एटीएम कार्ड, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, शॉपिंग कार्ड, आधार कार्ड, डीएसएलआर कैमरा, नकदी, सोने की चेन, जूते और स्विफ्ट कार समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए।
इतना ही नहीं, आरोपियों ने पीड़ित को झूठे छेड़छाड़ के मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी देकर 50 हजार रुपये की मांग की। दबाव बनाकर पीड़ित से 12,500 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर भी करा लिए गए। घटना के बाद थाना बिसरख में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
थाना बिसरख पुलिस ने मामले की जांच करते हुए शुक्रवार को चार मूर्ति चौराहे के पास से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रथम चन्ना, सैम चौधरी, आशिता और पूजा के रूप में हुई है, जो दिल्ली के अलग-अलग इलाकों के निवासी बताए जा रहे हैं।।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीड़ित की स्विफ्ट कार (यूपी 32 पीके 9246), कैमरा बैग सहित चार्जर, साउंड बार, घड़ी, जूते और दो क्रेडिट कार्ड बरामद किए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश गया है।
