शुक्रवार, 15 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में जनगणना की तैयारियां तेज, 22 मई से घर-घर पहुंचेगी टीम!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में जनगणना की तैयारियां तेज, 22 मई से घर-घर पहुंचेगी टीम!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

स्वगणना को लेकर प्राधिकरण ने चलाया जागरूकता अभियान, नागरिकों से मांगा सक्रिय सहयोग

दो टूक//नोएडा। आगामी जनगणना को लेकर नोएडा में तैयारियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (वीटी) ने मीडिया कर्मियों के साथ बैठक कर स्वगणना और जनगणना प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी साझा की। इस दौरान नागरिकों से अपील की गई कि वे जनगणना अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और इसे सफल बनाने में सहयोग करें।

अधिकारियों ने बताया कि 7 मई से 21 मई 2026 तक नागरिक स्वयं ऑनलाइन स्वगणना कर सकते हैं। इसके लिए भारत सरकार की आधिकारिक वेबसाइट
सेन्सस पोर्टल
उपलब्ध है। बैठक के दौरान कुछ मीडिया कर्मियों की मौके पर ही स्वगणना भी कराई गई, ताकि लोगों को इसकी प्रक्रिया समझाई जा सके।

अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने कहा कि स्वगणना भविष्य की जनगणना प्रक्रिया को अधिक सरल और पारदर्शी बनाएगी। ऑनलाइन पंजीकरण के बाद नागरिकों को एक विशेष SE-ID प्राप्त होगा, जिसे भविष्य में जनगणना के दौरान साझा करना होगा। इससे समय की बचत होगी और आंकड़ों का संकलन अधिक व्यवस्थित ढंग से किया जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं है, बल्कि यह देश और शहर के विकास की आधारशिला है। सरकार की कई विकास योजनाएं, संसाधनों का वितरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और अन्य सुविधाओं की योजना जनगणना के आंकड़ों पर आधारित होती हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह सही जानकारी उपलब्ध कराए और इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाए।

अधिकारियों ने जानकारी दी कि 22 मई से 20 जून 2026 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे। इस दौरान नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा की गई है। साथ ही स्पष्ट किया गया कि जनगणना से जुड़ी सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी और उनका किसी भी प्रकार से दुरुपयोग नहीं किया जाएगा।

बैठक में यह भी बताया गया कि वर्तमान में प्रगणकों का प्रशिक्षण चल रहा है। प्रशिक्षण में लापरवाही या बिना कारण अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर विशेष कार्याधिकारी इंदु प्रकाश सिंह तथा प्रबंधक दीपक कुमार सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।।