गौतमबुद्धनगर: नोएडा में नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार: फेस-1 पुलिस और नारकोटिक्स टीम ने 430 ग्राम चरस के साथ तस्कर दबोचा!!
दो टूक//नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की थाना फेस-1 पुलिस और नारकोटिक्स टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 430 ग्राम अवैध चरस तथा तस्करी में प्रयुक्त एक सफेद रंग की मारुति सुजुकी सेलेरियो कार बरामद की है। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 15 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 15 मई 2026 को झुंडपुरा बॉर्डर सेक्टर-8 क्षेत्र में की गई। थाना फेस-1 पुलिस और नारकोटिक्स टीम को सूचना मिली थी कि एक युवक कार के माध्यम से मादक पदार्थ की सप्लाई करने के लिए क्षेत्र में आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली, जिसमें कार से 430 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुनाल बौद्ध पुत्र दोरजे बौद्ध निवासी ग्राम सुराद, थाना भुंतर, जिला कुल्लू, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र 23 वर्ष बताई गई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी कार के जरिए विभिन्न स्थानों पर चरस की सप्लाई करने का काम करता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किस नेटवर्क से जुड़ा हुआ है और यह मादक पदार्थ कहां से लाकर किसे सप्लाई किया जाना था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना फेस-1 नोएडा में मु0अ0सं0 217/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए ऐसे तस्करों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।।
